भोपाल। | न्यूज़ डेस्क | मध्यप्रदेश में भोपाल के बैरसिया पुलिस थाना क्षेत्र में बाइक से गिरकर घायल हुई महिला की एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृत्यु के बाद मामला गंभीर हो गया है। एक साथ कई तरह की बातें सामने आ रही है। FIR के अनुसार किसी अज्ञात मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी थी। थाना पुलिस ने मौखिक रूप से कहा कि बाइक सवार पुलिस को देखकर घबरा गया था और एक वाहन से जाकर टकरा गया।
पुलिस का दावा: मैजिक वाहन ने टक्कर मारी है
बैरसिया थाना इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती ग्राम बर्रई बगराज निवासी गुड्डोबी पत्नी शफीक खान (45) की गुरुवार शाम मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि गुड्डोबी 26 जून की सुबह अपने बेटे शानू के साथ बाइक से किसी रिश्तेदार के घर जा रही थी। ग्राम तरावली के जोड़ के पास बाइक को पीछे से किसी तेज रफ्तार से आ रहे मैजिक वाहन टक्कर मार दी थी।
इससे गुड्डोबी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसके बेटे शानू को भी चोट लगी हैं। इस मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत: पुलिस ने लात मारकर गिराई थी बाइक
घटना को लेकर गुड्डोबी के स्वजनों ने सीएम हेल्प लाइन में शिकायत की है। उसमें आरोप लगाया है कि शानू की बाइक का पुलिसकर्मचारी बाइक से पीछा कर रहे थे। पुलिस ने चलती बाइक में लात मार दी थी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई थी। सड़क पर गिरने के कारण गुड्डोबी के सिर में गंभीर चोट लग गई थी।
शिकायत होते ही एसआई, हवलदार और सिपाही को थाने से हटाया
महिला को घायल देखते ही पुलिसकर्मी मौके से भाग गए थे। शिकायत की जानकारी आला अफसरों को लगते ही आनन फानन में गुनगा थाने के एक एसआइ, एक हेड हवलदार और एक सिपाही को थाने से हटाकर पुलिस कंट्रोल रूम की ड्यूटी पर लगा दिया गया।
पुलिस का एक और तर्क: घबराकर अज्ञात वाहन से टकरा गया
इस मामले में पुलिस का तर्क है कि घटना के समय एक हवलदार और सिपाही ड्यूटी करने के लिए बाइक से गुनगा की तरफ आ रहे थे। बाइक सवार शानू ,मछली रखे हुए था। इस वजह से पुलिस को देखकर घबरा गया और बाइक अनियंत्रित होने से किसी वाहन से टकरा गया था।
बाइक फिसलकर गिरी है: एसडीओपी
अभी तक मिले साक्ष्यों में बाइक फिसलकर गिरी है। प्रत्यक्षदर्शियों व एंबुलेंस के कर्मचारियों से बात करने पर भी लात मारने के साक्ष्य अभी नहीं मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है, जो भी साक्ष्य मिलेंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
केके वर्मा, एसडीओपी बैरसिया