जोधपुर | न्यूज़ डेस्क | जोधपुर नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर निगम जोधपुर ने बड़ी कार्रवाई की है | निगम की टीम ने सरदारपुरा 12वीं रोड स्थित चर्चित बाइक शोरूम महिंद्रा हीरो' को सीज करने की कार्रवाई की यह संपत्ति स्वर्गीय पूर्व मंत्री राम सिंह बिश्नोई की पत्नी और पूर्व विधायक महेंद्र बिश्नोई की दादी अमरी देवी के नाम पर दर्ज बताई गई है |
नगर निगम के उपायुक्त रणवीर सिंह देथा के कार्यालय से 20 नवंबर 2026 को जारी कुर्की वारंट के अनुसार, उक्त संपत्ति पर वर्ष 2025-26 का 18 लाख 82 हजार 352 रुपये यूडी टैक्स बकाया था | निगम की ओर से मांग नोटिस जारी कर तामील करवाया गया था, लेकिन नोटिस के 15 दिन बीतने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई | इसके बाद नगर निगम ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 कीधारारा 131 एवं 133 के तहत कुर्की की कार्रवाई के आदेश जारी किए | जोन-07 और वार्ड संख्या 53 के अंतर्गत आने वाली इस संपत्ति पर कार्रवाई के लिए राजस्व अधिकारी रेखा बंशीवाल को वारंट निष्पादक नियुक्त किया गया था | निगम की टीम ने वारंट की पालना करते हुए शोरूम को सीज करने की कार्रवाई की | 
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित शोरूम पर लंबे समय से यूडी टैक्स की राशि बकाया चल रही थी | निगम की ओर से बकाया टैक्स जमा करवाने के लिए कई बार संबंधित पक्ष को सूचित किया गया था | इतना ही नहीं, निगम की ओर से अलग-अलग समय पर कई नोटिस भी जारी किए गए | अधिकारियों का कहना है कि नोटिस देने और भुगतान के लिए अवसर उपलब्ध करवाने के बावजूद संबंधित पक्ष की ओर से बकाया राशि जमा करवाने को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई |
निगम ने शोरूम किया सीज
लगातार बकाया राशि जमा नहीं होने के चलते नगर निगम ने कार्रवाई का कदम उठाया | निगम की टीम शोरूम पहुंची और नियमानुसार उसे सीज कर दिया | इस कार्रवाई के साथ ही शोरूम की गतिविधियों पर रोक लग गई | निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यूडी टैक्स की बकाया राशि की वसूली के लिए यह कार्रवाई की गई है | 
राजनीतिक रसूख से जुड़ा मामला होने के कारण चर्चा
गौरतलब है की कांग्रेस के वारिष्ठ नेता व पुूर्व मंत्री स्वर्गीय रामसिंह विश्नोई का राजस्थान की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है | उनके बेटे मलखान बिश्नोई व पोते महेंद्र बिश्नोई भी लूणी विधानसभा से विधायक रह चुके हैं | दूसरी ओर, चुनावी माहौल के बीच पूर्व मंत्री के परिवार से जुड़ी संपत्ति पर हुई इस कार्रवाई ने शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है | हालांकि नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव या दुर्भावना के तहत नहीं, बल्कि बकाया यूडी टैक्स की वसूली के लिए नियमानुसार की गई है |