चंडीगढ़ | न्यूज़ डेस्क | पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के एक सुपरिंटेंडेंट के घर से सीबीआई ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। अधिकारी को 19 नवंबर को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए सीबीआई ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद 20 नवंबर को उसके आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ।
सीबीआई की ओर से 21 नवंबर को जारी बयान के मुताबिक, अधिकारी पर एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
इसके बाद की गई तलाशी में भारतीय मुद्रा के रूप में 24.29 लाख रुपये और करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी भी मिली, जिनकी कुल कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस तरह बरामद नकदी और कीमती सामान का कुल मूल्य लगभग 1.86 करोड़ रुपये है।
छह बैंक खातों और संपत्तियों के दस्तावेज मिले
सीबीआई को तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वाहन तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। सीबीआई इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी और उसके परिवार की संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेनदेन का पूरा ब्योरा जुटाया जा सके।