November 21, 2026

Join With Us


भिलाई इस्पात संयंत्र में सेल रेल कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन : सेल एवं भारतीय रेलवे सहित अन्य ग्राहक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग




भिलाई | नईमुद्दीन खान | सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा इस्पात भवन, भिलाई में सेल रेल कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें सेल, भारतीय रेलवे एवं अन्य ग्राहक संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कॉन्क्लेव के दौरान रेलवे क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं, रेल उत्पादों की गुणवत्ता एवं तकनीकी विकास, उत्पादन क्षमताओं और भविष्य की मांगों के अनुरूप उत्पाद विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में संयंत्र की उत्पादन क्षमताओं के प्रत्यक्ष अवलोकन, तकनीकी प्रस्तुतियों तथा अधिकारियों के साथ संवाद के माध्यम से ग्राहकों के साथ सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस दौरान भारतीय रेलवे की बदलती आवश्यकताओं, रेल उत्पादों की गुणवत्ता एवं तकनीकी विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) टी. एन. नटराजन ने भारतीय रेलवे की आवश्यकताओं को पूरा करने तथा दोनों संगठनों के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए सेल की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने ग्राहकों की अपेक्षाओं को समझने और रेलवे क्षेत्र की बदलती मांगों के अनुरूप सामूहिक रूप से कार्य करने के महत्व पर बल दिया।

इसके पश्चात कॉन्क्लेव में शामिल भारतीय रेलवे सहित अन्य ग्राहक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संयंत्र का भ्रमण किया। इस दौरान सर्वप्रथम उन्होंने सेफ्टी एक्सीलेंस सेंटर में सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की, तत्पश्चात ब्लास्ट फर्नेस-8, स्टील मेल्टिंग शॉप-3, रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल तथा यूनिवर्सल रेल मिल की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस भ्रमण के माध्यम से प्रतिनिधियों को संयंत्र की एकीकृत इस्पात निर्माण प्रक्रिया, उत्पादन व्यवस्थाओं और विशेष रूप से रेल निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं विनिर्माण क्षमताओं को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला।

इसके पश्चात भिलाई निवास में आयोजित कॉन्क्लेव के औपचारिक सत्र में भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र एवं सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) टी. एन. नटराजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेल के कार्यपालक निदेशकों, भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधकगण तथा भारतीय रेलवे एवं अन्य ग्राहक संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) टी. एन. नटराजन ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने इस कॉन्क्लेव को सेल एवं उसके ग्राहकों के बीच संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने भारतीय रेलवे की बढ़ती एवं बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप रेल उत्पादों के विकास और उनकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर बल दिया। उन्होंने ग्राहकों की अपेक्षाओं को समझने, उनके साथ निकट समन्वय स्थापित करने तथा रेलवे क्षेत्र की भावी जरूरतों को पूरा करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के महत्व को रेखांकित किया।

भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने अपने उद्बोधन में रेलवे क्षेत्र की उभरती चुनौतियों और बदलती मांगों के अनुरूप निरंतर सुधार, नवाचार तथा सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय रेलवे की भावी जरूरतों के अनुरूप नए उत्पादों एवं संभावनाओं के विकास के लिए विभिन्न परीक्षणों को प्रोत्साहित करने तथा तकनीकी क्षमताओं को निरंतर सुदृढ़ बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान निशा बाउल, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र की गतिविधियों, उत्पादन क्षमताओं एवं प्रमुख उपलब्धियों का परिचय दिया। तकनीकी सत्र में जे. एस. कोहली, वरिष्ठ प्रबंधक (आरसीएल) तथा श्री सागर द्वार, वरिष्ठ प्रबंधक (यूआरएम) ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रेल उत्पादन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं, विभिन्न ग्रेड एवं प्रोफाइल की रेलों, विनिर्माण क्षमताओं तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।

कॉन्क्लेव के दौरान भारतीय रेलवे के प्रतिनिधियों ने गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादों में आवश्यकतानुसार बदलाव की क्षमता तथा लंबी रेलों की बढ़ती आवश्यकता से जुड़े अपने विचार साझा किए। इस क्रम में उत्पाद गुणवत्ता एवं परिचालन प्रदर्शन में और सुधार लाने के लिए सुदृढ़ कार्यप्रणाली विकसित करने, निरंतर सीखने तथा आपसी अनुभव साझा करने जैसे पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, पूर्व में सामने आई चुनौतियों और विफलताओं से प्राप्त सीख को भविष्य की कार्यप्रणाली में शामिल कर बेहतर परिणाम प्राप्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन पारुल दीवान, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं सोनल श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रबंधक (आरसीएल) ने किया। अंत में ए. के. अरोड़ा, कार्यपालक निदेशक (वाणिज्यिक), सेल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। सेल रेल कॉन्क्लेव-2026 ने सेल, भारतीय रेलवे एवं अन्य ग्राहक संगठनों के बीच संवाद, विचार-विमर्श और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस आयोजन ने गुणवत्तापूर्ण रेलवे उत्पादों के विकास और भारतीय रेल नेटवर्क की भावी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बेहतर समन्वय, सहयोग और साझेदारी को नई दिशा प्रदान की।





Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE