दुर्ग | सोनम कौर | थाना नंदिनी नगर क्षेत्रांतर्गत ग्राम सहगांव निवासी एक नवविवाहिता द्वारा ससुराल पक्ष के सदस्यों द्वारा लगातार दहेज की मांग एवं प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर लेने की सूचना प्राप्त हुई। मामले की जांच उपरांत थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 80(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलते ही आरोपीगण अपने निवास से फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी युवराज पटेल एवं ओम प्रकाश पटेल सिमगा क्षेत्र में लुक-छिपकर रह रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विधिवत गिरफ्तारी उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।