दुर्ग | सोनम कौर | डूमर के कोटवार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। सूचना पर थाना नंदिनी नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक रूप से मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव पर अंकित गोदना एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई।
मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटनास्थल निरीक्षण, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव एवं राहुल कुर्रे रात्रि में एक साथ शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान आपसी विवाद होने पर देर रात्रि लगभग 1:00 बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से मृतक के सिर पर लगातार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं अपने पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना स्वीकार करने पर मुख्य आरोपी की निशानदेही से एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं आरोपी के पहने हुए कपड़े बरामद कर जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।