May 28, 2026

Join With Us


डिप्टी सीएम विजय शर्मा के सामने पत्रकारों का सुशासन तिहार बहिष्कार : बदइंतजामी पर भड़का मीडिया




अंबागढ़ चौकी । केजन साहू । मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम भनसुला में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम में मौजूद जिलेभर के पत्रकारों ने अव्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता से नाराज होकर कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। खास बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में हुआ, जबकि मंच पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर मीडिया कवरेज के लिए मंच के सामने पत्रकारों हेतु अलग से दीर्घा और कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वहां पहले से ही कई नेता और समर्थक कब्जा जमाए बैठे थे। जब पत्रकार मौके पर पहुंचे तो उन्हें अपने लिए निर्धारित स्थान तक नहीं मिल पाया। भीषण गर्मी के बीच पत्रकार खड़े होकर और इधर-उधर से कवरेज करने को मजबूर रहे, जबकि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति देखते रहे लेकिन व्यवस्था सुधारने की कोई पहल नहीं की गई।

मीडियाकर्मियों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा पत्रकारों को ही पीछे हटने और साइड होने के निर्देश दिए जा रहे थे, जबकि पत्रकार दीर्घा में बैठे नेताओं और समर्थकों को हटाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। इससे पत्रकारों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब पत्रकारों ने इसे प्रशासन की लगातार जारी लापरवाही बताते हुए सामूहिक रूप से कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय ले लिया। एक-एक कर सभी मीडिया कर्मी कार्यक्रम स्थल छोड़ बाहर निकल गए, जबकि मंच पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा सहित जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे।

पत्रकारों का कहना है कि जिले में आयोजित अधिकांश सुशासन तिहार कार्यक्रमों में उन्हें इसी तरह की बदइंतजामी और उपेक्षा का सामना करना पड़ा है। बावजूद इसके उन्होंने अब तक अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए सभी कार्यक्रमों का कवरेज किया। लेकिन भनसुला में उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी के बावजूद प्रशासन का रवैया नहीं बदला, जिससे नाराज होकर पत्रकारों को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।

अब सवाल यह उठ रहा है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या प्रशासनिक जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं। फिलहाल पत्रकारों के इस बहिष्कार ने जिले के प्रशासनिक प्रबंधन और व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



Related Post


+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE