दुर्ग | सोनम कौर | प्रार्थी दीपक जैन, उम्र 27 वर्ष निवासी गंजपारा दुर्ग द्वारा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वर्ष 2024 में आरोपीगण द्वारा फॉरेक्स ट्रेडिंग एवं निवेश कंपनी में अधिक लाभांश दिलाने का झांसा देकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। आरोपियों द्वारा निवेश की गई राशि पर प्रतिमाह लाभ मिलने तथा मूलधन सुरक्षित रहने का प्रलोभन दिया गया था।
प्रार्थी से विभिन्न तिथियों में आरटीजीएस एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल 13,60,000/- रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए। कुछ समय बाद कंपनी बंद हो गई तथा प्रार्थी को न तो लाभांश प्राप्त हुआ और न ही जमा राशि वापस की गई। मामले की जांच पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 224/2026 धारा 420, 34 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना संचालित कर लोगों से रकम जमा कराना स्वीकार किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश एवं बैंक खातों की जांच की जा रही है।
घटना का कारण :
अधिक लाभांश एवं निवेश पर अधिक मुनाफा प्राप्त करने का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करना।
घटनास्थल :
गंजपारा क्षेत्र एवं ऑनलाइन बैंकिंग माध्यम, दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. राजेन्द्र कुमार ताम्रकार, उम्र 50 वर्ष, निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग।
जप्त सामग्री :
1. मोबाइल फोन
2. बैंक पासबुक एवं बैंक दस्तावेज
3. लेन-देन संबंधी दस्तावेज
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के विवेचना अधिकारी एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग अथवा अधिक लाभांश देने वाली योजनाओं में राशि निवेश करने से पूर्व संबंधित संस्था की वैधानिक सत्यता की जांच अवश्य करें। साइबर एवं आर्थिक अपराध संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।