नागपुर | एड अब्दुल अमानी कुरेशी | हज 2026 के लिए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं विदर्भ से जाने वाले हज यात्रियों के प्रस्थान के अवसर पर आज हज हाउस नागपुर में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा हाजियों का स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दया शंकर तिवारी, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी नागपुर ने जाने वाले हाजियों का इस्तकबाल करते हुए कहा कि, वही हज करने जाता है जिसे अल्लाह बुलाता है। सभी हाजी हज के दौरान मुकद्दस मक़ामो पर देश एवं प्रदेश की खुशहाली व तरक्की तथा सम्पूर्ण विश्व के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए विशेष दुआ करें।
कार्यक्रम में हज यात्रियों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज बेग ने कहा कि, हज यात्रा हर मुस्लिम का वो ख्वाब होता है जिसे वो जिन्दगी में एक बार जरूर पूरा करना चाहता है। आप उन खुशनसीबों में से है जिन्हें अल्लाह ने इस वर्ष अपने घर का मेहमान बनाया है। उन्होंने सभी जाने वाले हाजियों के सफल, सुखद एवं आरामदायक हज यात्रा की कामना करते हुए अपनी मुबारकबाद दी। 
इस अवसर पर दया शंकर तिवारी, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी नागपुर, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज बेग, हज कमेटी के सदस्य, मौलाना अमीर बेग मौलाना हसन अब्बास, गुलाम रहमान खान, हज कमेटी की सचिव डॉ खुशबू उस्मान, भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा नागपुर के जिला अध्यक्ष असलम खान, अंसार अली सहित नागपुर हज हाउस खादिमुल हुज्जाज तंजीम कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।