नागपूर। एड अब्दुल अमानी कुरैशी । संत साहित्य की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने और राष्ट्रसंतों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “राष्ट्रसंत तुकडोजी का हिन्दी साहित्य एवं चिंतन” ग्रंथ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन राष्ट्रीय युवा साहित्य समाज, नागपूर तथा येवलेकर परिवार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
यह विशेष अवसर संत साहित्य के प्रख्यात अभ्यासक डॉ. दिनकर येवलेकर के ‘अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में विद्वानों, साहित्यकारों और समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जिससे यह समारोह साहित्यिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात व्यक्तित्व मा. डॉ. गिरीश गांधी करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मा. डॉ. सागर खादीवाला उपस्थित रहेंगे, जो वनराई के विश्वस्त एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों में मा. डॉ. म.मा. कडू, मा. डॉ. बाळ पदवाड तथा मा. डॉ. रत्नाकर भेलकर जैसे संत साहित्य के विद्वान एवं सुप्रसिद्ध कवि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलावंत एवं राष्ट्रीय युसास की संचालक मा. शैल जैमिनी की भी विशेष उपस्थिति रहेगी, जो आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी।
यह लोकार्पण समारोह शनिवार, 28 मार्च 2026 को दोपहर 4:30 बजे महाकाळकर सभागृह, एन.आई.टी. गार्डन के समीप, दत्तात्रय नगर, नागपूर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के पश्चात स्वरुचि भोज की भी व्यवस्था की गई है।
आयोजकों ने साहित्य प्रेमियों, विद्वानों तथा नागरिकों से इस महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन में सहपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।