हिगनघाट । एड अब्दुल अमानी कुरेशी । रामनवमी, गुढीपाडवा एवं ईदुल फितर के पावन अवसर पर आगरकर विद्या भवन में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हें-नन्हें विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेषभूषा धारण कर विभिन्न पर्वों की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एकता और भाईचारे का संदेश देने वाले गीतों की मधुर धुन पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने सभी का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना दिया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य बच्चों में विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से ‘एकता में विविधता’ का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाइयां वितरित की गईं और सभी ने मिलकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ इन पर्वों का आनंद लिया। उपरोक्त जानकारी अशोक सरिता जोशी ने दी।