बिहार | न्यूज़ डेस्क | बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा अहम मोड़ आया है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पहली बार सक्रिय राजनीतिक भूमिका में नजर आ रहे हैं | शनिवार की सुबह निशांत कुमार जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे थे | यहां निशांत कुमार ने जदयू में एंट्री करने से पहले पार्टी के युवा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण अनौपचारिक बैठक की | 
बैठक में कौन-कौन मौजूद
राजनीति की लाइमलाइट से दूर रहने वाले निशांत कुमार अब पूरे फॉर्म में नजर आ रहे हैं | शनिवार सुबह संजय झा के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक में जेडीयू के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में युवा विधायक मौजूद थे | इस बैठक में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, एमएलसी संजय गांधी, ललन सर्राफ, वरिष्ठ नेता व मंत्री श्रवण कुमार मौजूद रहे | वहीं युवा चेहरों में चेतन आनंद समेत कई विधायक बैठक में शामिल हुए |
कब जेडीयू की सदस्यता लेंगे
सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ले सकते हैं | माना जा रहा है कि पटना में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें प्राथमिक सदस्यता दिलायी जा सकती है | इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं और नेताओं के आने की उम्मीद की जा रही है | पार्टी और पूरे बिहार के लिए इसे एक अहम राजनीतिक घटना के रूप में देखा जा रहा है |
नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे | निशांत कुमार की पार्टी में एंट्री ऐसे समय में होने वाली है, जब उनके पिता और सीएम नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा के लिए नामांकन किया है | नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्यसभा जाने की इच्छा जतायी थी | उसके बाद 5 मार्च को अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश ने राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन किया था | 
पार्टी के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज: इसके बाद से जदयू के अंदर नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का बाजार तेजी से गरम हो रहा है. राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि जदयू अब आने वाली पीढ़ी के हाथों में बागडोर देने वाली है और युवा नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेगी |
डिप्टी सीएम हो सकते हैं निशांत
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की तैयारी के बीच बिहार का सीएम कौन होगा, को लेकर अटकलें जारी हैं | वहीं कहा जा रहा है कि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है | सूत्रों के अनुसार एक ही डिप्टी सीएम होंगे | वहीं जदयू के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले सीएम के नाम पर मोहर भी लगाएंगे | हालांकि आगे क्या कुछ होता है, इसके लिए इंतजार करना होगा | क्योंकि बिहार की राजनीति में इस बार राज्यसभा का चुनाव बहुत खास और बड़े बदलाव की इबारत लिख रहा है |