कोरबा | न्यूज़ डेस्क | छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में नहर पर बना लगभग 40 वर्ष पुराना लोहे का पुल चोरी हो गया | करीब 10 टन वजनी यह पुल गैस कटर से काटकर चुराया गया और पुलिस को इसकी जानकारी तब मिली जब स्थानीय लोगों ने सुबह पुल को गायब पाया | पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इस चोरी में कुल 15 लोग शामिल थे, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं | 
पुलिस का क्या कहना है
कोरबा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार 18 जनवरी की सुबह ढोढीपारा क्षेत्र के निवासी रोज की तरह नहर पार करने पहुंचे, लेकिन वहां पुल गायब देख चकित रह गए | लोगों ने तुरंत वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास को सूचना दी | पार्षद की शिकायत पर सीएसईबी पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई | पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुल चोरी करने की बात स्वीकार की है | पुलिस के अनुसार चोरी के पीछे मुख्य साजिशकर्ता मुकेश साहू और असलम खान सहित 10 आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं | 
आरोपियों ने कबूली चोरी
गिरफ्तारी के बाद, इस मामले में फरार चल रहे 10 अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है | बताया जा रहा है कि इस चोरी में शामिल अधिकांश आरोपी कबाड़ व्यवसाय से जुड़े हैं और लंबे समय से इस तरह के काम करते आ रहे हैं | गिरफ्तार आरोपियों ने हॉस्टल के पास नहर पुल से लोहे की रेलिंग/पुल को गैस कटर से काटकर चोरी करने की बात स्वीकार की पुलिस ने उनके कब्जे से कटी हुई लोहे की रेलिंग बरामद की है | वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास के अनुसार यह पुल करीब 70 फुट लंबा और 5 फुट चौड़ा था, जो चार दशक पहले बनाया गया था और दैनिक आवागमन का मुख्य साधन था | पुल चोरी होने के बाद से स्थानीय लोग मजबूरी में आसपास के कंक्रीट पुल से आवाजाही कर रहे हैं |