बिहार | न्यूज़ डेस्क | सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम 11वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है | मृतका की पहचान भीमनगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी रूपेश सिंह उर्फ रॉकी की पुत्री अपेक्षा सिंह के रूप में की गई है | पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा को गोली मारे जाने की पुष्टि होने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है | फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है |

घटना के संबंध में मृतका के चाचा सुमित सिंह द्वारा भीमनगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे अपेक्षा अपने घर के डायनिंग हॉल में टीवी देख रही थी, जबकि वह स्वयं बाथरूम में थे | इसी दौरान अचानक गिरने की आवाज सुनाई दी | बाहर निकलकर देखने पर अपेक्षा जमीन पर गिरी हुई मिली | परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया |
परिजनों के अनुसार, इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई | सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और हल्की पूछताछ के बाद परिजनों को शव घर ले जाने की अनुमति दे दी गई | हालांकि, देर रात करीब 1:30 बजे वीरपुर और भीमनगर थाना की संयुक्त पुलिस टीम मृतका के घर पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया |

बुधवार को सदर अस्पताल में कराए गए पोस्टमार्टम के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि छात्रा की मौत गोली लगने से हुई है | रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों के बयान और घटना की परिस्थितियां संदेह के घेरे में आ गई है | पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली कैसे चली, घर में हथियार था या नहीं, और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद थे | इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर भीमनगर थाना में यूडी कांड संख्या 01/26 दर्ज कर ली गई है | उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी |