उज्जैन। न्यूज डेस्क । बीते सप्ताह मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में 12 साल की लड़की से कथित तौर पर रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भरत सोनी नाम के व्यक्ति के पिता ने शुक्रवार को अपने बेटे के लिए मौत की सजा की मांग की। स्थानीय बार एसोसिएशन ने अपील की है कि कोई भी वकील अदालत में उसके बचाव के लिए पैरवी न करे।
इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस (Congress) मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार (BJP Government) पर लगातार हमले कर रही है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की "चुप्पी" पर सवाल उठाया है।

इस केस में गुरुवार को ऑटो रिक्शा चालक भरत सोनी को गिरफ्तार किया गया। उज्जैन में भरत सोनी के पिता ने प्रेस से कहा, “यह एक शर्मनाक कृत्य है। न तो मैं उससे (भरत सोनी) मिलने अस्पताल गया हूं, न ही पुलिस स्टेशन या कोर्ट जाऊंगा. मेरे बेटे ने अपराध किया है, इसलिए उसे फांसी दी जानी चाहिए.”
आरोपी के लिए केस नहीं लड़ेगा कोई वकील
उज्जैन बार काउंसिल के अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि इस घटना ने मंदिरों के शहर की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि, ''हम बार काउंसिल के सदस्यों से आरोपी का केस नहीं लेने की अपील कर रहे हैं।''
करीब 12 साल की रेप पीड़ित लड़की घायल हालत में उज्जैन की सड़कों पर घूमती हुई मिली थी, इसके तीन दिन बाद आरोपी भरत सोनी को गिरफ्तार किया गया। लड़की की मेडिकल जांच से पता चला कि उसके साथ बलात्कार हुआ था।
सतना जिले की निवासी है पीड़ित लड़की
पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि भरत सोनी को जांच के लिए वारदात स्थल पर ले जाते समय उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की जिससे उसे चोट लगी थी। पीड़ित बच्ची इंदौर के शासकीय महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय में भर्ती है। वहां बुधवार को उसकी बड़ी सर्जरी हुई। एक काउंसलर ने लड़की से बातचीत की तो पता चला कि वह मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली है, लेकिन वह अपना नाम और पता ठीक से नहीं बता सकी।