रीवा। रमेश कुमार 'रिपु'। मध्यप्रदेश में रीवा जिले के सिविल लाइन थाना में थाना प्रभारी हीतेन्द्र नाथ शर्मा और उप निरीक्षक बी.आर. सिंह के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोक झोंक हुई। गुस्से में बी.आर.सिंह ने उन्हें गोली मार दी। जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली उनके कंधे और फेफड़े के बीच फंसी हुई है। पूर्व मंत्री और विधायक राजेन्द्र शुक्ला ने टी.आई. की जान बचाने भोपाल और जबलपुर से डाॅक्टर बुलाए हैं।

सिविल लाइन थाना में आज दोपहर तीन बजे के करीब किसी बात को लेकर टी.आई हीतेन्द्र नाथ शर्मा के साथ उप निरीक्षक बी.आर.सिंह के बीच वाद विवाद हो गया। बी.आर. सिंह ने अपना आपा खो दिये और सरकारी रिवाल्वर से उन्हें दो गोली मार दी। गोली की आवाज पर थाना में अफरा थफरी मच गयी। घायल टी.आई को तत्काल मिनरवा अस्पताल ले जाया गया। उनकी गोली निकालने का प्रयास डाॅक्टरों ने किया। लेकिन सफलता नहीं मिली है। इसलिए भोपाल और जबलपुर से डाॅक्टरो की टीम बुलाई गयी है। हेलीकाप्टर से भोपाल की टीम आ रही है।
▪️मामले की जांच..
गोली किस वजह से टी.आई हीतेन्द्र नाथ शर्मा को बी.आर.सिंह ने मारी,कारण अज्ञात है। घटना के बाद बी.आर.सिंह ने अपने आप को थाने में बंद कर लिया था। मामले की जांच पुलिस कर रही है। वहीं विधायक राजेन्द्र शुक्ला का कहना है,कि डाॅक्टरों का कहना है कि अभी टीआई हीतेन्द्र नाथ शर्मा को कुछ घंटे स्टेबल रखा जा सकता है। अभी प्राथमिकता है टीआई की जान बचाना। उन्होने कहा कि विवाद अपनी जगह है। लेकिन विवाद के चलते इस तरह के अपराध नहीं होने चाहिए।
▪️वर्दी से उभरी गुंडई..
थाने के अंदर जिस तरह फिल्मी अंदाज में बी.आर. सिंह ने हीतेन्द्र नाथ शर्मा को गोली मारी वह हैरान करती है। लेकिन एक बात साफ है कि पुलिस प्रशासन में अनुशासन खत्म होता हो गया है कहें तो गलत नहीं होगा। वहीं पुलिस प्रशासन में बड़े अधिकारियों को यह भी देखना चाहिए कि कोई नशे में हो तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। देखा गया है कि कई पुलिस कर्मी हमेशा नशे में होते हैं।