यात्री मोती सिंह राठौड़ को उसके सामान के साथ विमान से उतार दिया गया और आवश्यक जांच के बाद विमान आगे रवाना हो गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया
नई दिल्ली। जसविंदर सिंह। दिल्ली में एक यात्री को दुबई-जयपुर उड़ान के अगवा होने के बारे में झूठा ट्वीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार को हुई थी। पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) रवि कुमार सिंह ने बताया कि राजस्थान का नागौर निवासी मोती सिंह राठौड़ खराब मौसम के कारण दुबई-जयपुर उड़ान का मार्ग बदले जाने के कारण यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचा था।
विमान सुबह 9:45 बजे उतरा था और उसे दोपहर 1:40 बजे उड़ान भरने के लिए मंजूरी दी गई। पुलिस के अनुसार इस बीच यात्री मोती सिंह राठौड़ ने ट्वीट किया, फ्लाइट हाईजैक। वहीं इस ट्वीट के बाद हड़कंप मच गया।
यात्री के खिलाफ मामला दर्ज
इसके बाद यात्री मोती सिंह राठौड़ को उसके सामान के साथ विमान से उतार दिया गया और आवश्यक जांच के बाद विमान आगे रवाना हो गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने ट्वीट किया क्योंकि वह उड़ान में देरी होने से परेशान था। इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
विमान में पेशाबकांड
बता दें कि विमान से जुड़ी कई घटनाएं इस दौरान सामने आ रही हैं। हाल ही में एअर इंडिया विमान के अंदर महिला यात्री पर पेशाब करने का मामला सामने आया था। इस पेशाबकांड के आरोपी को एयर लाइन ने चार महीने के लिए बैन किया है।