यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि पुराने हवाईअड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए एटीआर-72 विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य थे सवार
नई दिल्ली । आकांक्षा त्रिपाठी। नेपाल में काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरने वाला यति एयरलाइंस का एटीआर-72 विमान रविवार सुबह कास्की जिले के पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान हादसे के बाद अबतक 32 यात्रियों के शव निकाले गए हैं। यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि पुराने हवाईअड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए एटीआर-72 विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। हादसे को लेकर नेपाल सरकार ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में दुर्घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। फिलहाल बचाव कार्य जारी है और एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यति एयरलाइंस के 72 सीटर ATR-72 विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान में 68 यात्री और चार क्रू मेंबर्स, यानी कुल 72 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक विमान अभी पोखरा के पास पहुंचा था कि एक पर्वतीय इलाके में हादसे का शिकार हो गया।
पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान
नेपाली मीडिया के अनुसार यह हादसा पुराने एयरपोर्ट और पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच में हुआ है। इसके मुताबिक यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया है कि विमान में 68 यात्री सवार थे। साथ ही जानकारी यह भी मिल रही है कि हादसा खराब मौसम के कारण हुआ। यह विमान एक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और नदी में गिर गया।