महिला का शव मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। मृतका के पति कालीचरन ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे पहले जंगल में घसीटा गया है
लखनऊ। न्यूज डेस्क । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले की एक महिला का अर्धनग्न शव लहूलुहान अवस्था में मिला है। शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप फैल गया है। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक व डॉग स्क्वायड टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला के पति ने दुष्कर्म के बाद गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला मझगंवा थाना क्षेत्र के झिन्ना वीरा गांव का है। जहां रहने वाले कालीचरन ने बताया कि वह अपने पिता के साथ खेत में गन्ने की पिराई के लिए गया था। घर पर उसकी पत्नी 33 वर्षीय प्रेमदेवी और उसके दोनों बेटे लेखसिंह और शिवम थे।
दोपहर को उसकी पत्नी गांव के बाहर झिन्ना सिकरौधा के जंगल में लकड़ी काटने गई थी। जब वह शाम तक घर नहीं पहुंची, तो परिजन ग्रामीणों के साथ जंगल में उसकी तलाश करने गए। फिर भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह से फिर उसकी तलाश में परिजन जंगल-जंगल भटके और दोपहर को बाद प्रेम देवी का शव खून से लथपथ नग्न अवस्था मे पड़ा हुआ मिला। पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके में पहुंचकर शक को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का जताया अंदेशा
महिला का शव मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। मृतका के पति कालीचरन ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे पहले जंगल में घसीटा गया है। फिर उसका गला घोंट कर हत्या की गई है। शरीर मे दरिंदगी की निशान मौजूद हैं । उसके कपड़े भी शरीर से गायब हैं। पहले उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया, फिर पहिचान छिपाने के लिए उसकी बेदर्दी से हत्या कर दी गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच
एक महिला का नग्न शव मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ राठ और पुलिस कर्मियों के साथ डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची। इस पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार की माने तो महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। उसके शरीर मे कपड़े भी नहीं थे । मामले की जांच की जा रही है । उन्होंने कहा कि जल्द पूरे घटना क्रम का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।