अमृतसर। हरमीत कौर । पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से बड़ी घटना सामने आई है। सिख तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक स्पेशल ट्रेन के 9 डिब्बे शनिवार को पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि सिख तीर्थयात्री गुरु नानक जयंती समारोह में शामिल होने के लिए ननकाना साहिब जाने वाली एक स्पेशल ट्रेन में सवार हुए थे। इसी दौरान प्रांत के शोरकोट और पीर महल रेलवे स्टेशनों के बीच उसके नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
विज्ञापन
गुरु नानक जयंती 8 नवंबर को मनाई जाएगी। पाकिस्तान रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि सिख तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक स्पेशल ट्रेन कराची से ननकाना साहिब जा रही थी। जब ट्रेन प्रांत के शोरकोट और पीर महल रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची, तभी उसके 9 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि किसी के मारे जाने की फिलहाल कोई सूचना नहीं मिली है।घटना के बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
पाकिस्तान रेलवे ने ट्वीट किया, ‘अधिकतर यात्रियों को ट्रेन की पहली बोगी (जो ट्रैक पर थी) में बिठाया गया और ननकाना के लिए रवाना किया गया। बाकी बचे यात्रियों के प्रस्थान की व्यवस्था भी की गई। इस घटना में अभी तक किसी के घायल या हताहत होने की जानकारी नहीं है.’ अधिकांश यात्रियों को दूसरी ट्रेन में बैठाया गया और ननकाना के लिए रवाना किया गया। जबकि शेष सिख तीर्थयात्रियों को भी भेजने की व्यवस्था की गई।