नई दिल्ली । जसविंदर सिंह । मैटरनिटी वॉर्ड में जगह न मिलने की वजह से एक गर्भवती भारतीय पर्यटक की मौत के बाद पुर्तगाल की स्वास्थ्य मंत्री मार्टा टेमिडो ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है ।
बताया जा रहा है कि 34 वर्षीय महिला की एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते समय कार्डियक अरेस्ट के कारण मौत हो गई ।
हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफ़े के पीछे अकेले यही एक मामला नहीं रहा । बीते कुछ महीनों से आलोचक पुर्तगाल में प्रसव कराने वाले अस्पतालों में काम करने वालों की भारी कमी का आरोप लगाते आ रहे हैं ।
डॉक्टर मार्टा टेमिडो वर्ष 2018 से स्वास्थ्य मंत्री थीं और पुर्तगाल को कोरोना महामारी से उबारने का श्रेय उन्हें भी दिया जाता है ।
लेकिन मंगलवार को, सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया, "डॉक्टर टेमिडो ने महसूस किया है उनके पास अब पद पर बने रहने की कोई वजह नहीं बची." ।