मुंबई | न्यूज़ डेस्क | पिता की हत्या का बदला लेने के मकसद से गाजियाबाद के सपा नेता दिनेश भाटी के भाई समेत अब तक पांच लोगों की जान ले चुके कुख्यात बदमाश को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 25 वर्षीय पवन उर्फ कल्लू पर दो लाख का इनाम था। आरोपी सोमवार को छठे शख्स की हत्या करने के लिए फरीदाबाद जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पिस्तौल और तीन कारतूस के साथ दबोच लिया।
सीआर पार्क थाने में तैनात एसआई जितेंद्र मलिक, अमित, विशाल गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक सवार युवक को रोकने पर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई। इसके बाद उसने पिस्तौल निकाल ली। इससे पहले कि वह फायरिंग करता, पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कुख्यात बदमाश पवन के रूप में हुई। आरोपी के पास से बरामद बाइक मालवीय नगर से चुराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पवन लोनी, गाजियाबाद का रहने वाला है। उसके पिता संतराम की 2015 में हत्या हुई थी। पवन इसके लिए कुछ लोगों को दोषी मानता था और उन्हें मारना चाहता था। इसी क्रम में आरोपी ने गाजियाबाद के सपा नेता दिनेश भाटी के भाई की हत्या की थी। गत दिनों लोनी में भी दो स्थानीय नेताओं को मार डाला था।