मुंबई | न्यूज़ डेस्क | रूस और यूक्रेन के बीच लगातार 17 वें दिन भी जंग जारी है। दोनों देश एक दूसरे के सामने झुकने के लिए तैयार नहीं हैं। कीव को तबाह करने के लिए रूस फाइनल तैयारी में लगा है। कई देशों द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद रूसी सैनिक यूक्रेन पर बम बरसाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बीच मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी प्रशासन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता पर पाबंदी लगा दी है। वहीं इंटरनेशनल कोर्ट में भी रूस को घेरने की तैयारी हो रही है।
यूक्रेन की उप प्रधान मंत्री इरीना वीरेशचुक का कहना है कि मारियुपोल से जपोरिजिया सहित कई मानवीय गलियारे शनिवार को खुले हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर ने इसकी जानकारी दी है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने एक वीडियो जारी कर रूसी माताओं से अपील करते हुए कहा है कि अपने बच्चों को युद्ध में न भेजें। उन्होंने कहा कि मैं एक बार फिर रूसी माताओं से यह कहना चाहता हूं। अपने बच्चों को विदेश में युद्ध के लिए मत भेजो। आपका खुद का नुकसान होगा।
रूस की बमबारी में यूक्रेन के ब्रोवरी जिले स्थित खाद्य गोदाम में आग लग गई है। रूस इस हमले के जरिये खाद्य संकट पैदा कर यूक्रेनी सेना को समर्पण करने के लिए मजबूर कर सकता है। हालांकि यूक्रेन अभी भी झुकने के लिए तैयार नहीं है और रूसी सेना का डटकर मुकाबला कर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उन्होंने रूस से लगने वाली सीमा लातविया, एस्टोनिया, लिथुआनिया और रोमानिया में 12,000 सैनिकों को स्थानांतरित कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध में विजयी नहीं होंगे जो उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ छेड़ा है।
यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर के मेयर इवान फेडोरोव का कथित तौर पर रूसी सेना द्वारा अपहरण कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि मेयर ने रूसी सेना को सहयोग करने से इनकार कर दिया था। वहीं इस घटना की निंदा करते हुए राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि मेलिटोपोल के मेयर का अपहरण लोकतंत्र के खिलाफ एक युद्ध अपराध है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि सभी लोकतांत्रिक देशों में 100% लोग इसके बारे में जानेंगे और फिर इसका विरोध करेंगे।
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार 17 वें दिन भी जंग जारी है। दोनों देश एक दूसरे के सामने झुकने के लिए तैयार नहीं हैं। कई देशों द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद रूसी सैनिक यूक्रेन पर बम बरसाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बीच मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी प्रशासन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता पर पाबंदी लगा दी है। वहीं इंटरनेशनल कोर्ट में भी रूस को घेरने की तैयारी हो रही है।