December 19, 2021

Join With Us


दुनिया में लौट रहा कोरोना से पाबंदियों का दौर : ओमिक्रॉन का भारत में भी होगा कहर?




मुंबई | न्यूज़ डेस्क | कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट दुनियाभर के लिए खतरे के साथ ही पाबंदियों का दौर भी वापस लेकर आ गया है। टीकाकरण की तेज रफ्तार के साथ ही उम्मीद की जा रही थी कि कोरोना का कहर मंद पड़ेगा लेकिन अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन जैसे देशों में रोज आ रहे रिकॉर्ड कोविड केसों ने एक बार फिर से सख्त प्रतिबंधों की वापसी के लिए मजबूर कर दिया है। फ्रांस ने नए साल के जश्न के दौरान आतिशबाजी पर रोक लगा दी है तो वहीं नीदरलैंड ने क्रिसमस पर लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है।

ब्रिटेन में भी रोज आ रहे ताबड़तोड़ केसों के बीच फिर से लॉकडाउन लगाने पर विचार किया जा रहा है और आयरलैंड ने भी पब-बार पर पाबंदी लगा दी है। भारत में अभी तक कोरोना के नए केस बढ़ने शुरू नहीं हुए हैं लेकिन ओमिक्रॉन के मामले जरूर तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक ओमिक्रॉन मामले दर्ज किए गए हैं। ऐसे में चिंता यह है कि क्या भारत में ओमिक्रॉन के कारण कोरोना की तीसरी लहर आएगी?

ब्रिटेन सरकार कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के प्रसार की गति को थामने के लिए क्रिसमस के बाद दो सप्ताह के लॉकडाउन की योजना बना रही है। मीडिया में शनिवार को प्रकाशित रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है। द टाइम्स के अनुसार, मसौदा नियम तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें कामकाज के अपवाद को छोड़कर बंद कमरे के अंदर बैठक करने पर प्रतिबंध और पब और रेस्तरां को आउटडोर सर्विस तक सीमित करने की योजना शामिल है।

आपातकालीन स्थिति के लिए ब्रिटिश सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार समूह से लीक हुए ब्योरे से खुलासा हुआ है कि वैज्ञानिकों ने मंत्रियों को चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के लिए प्रबंधनीय स्तरों के दायरों में अस्पताल में भर्ती करने के मामले में बहुत जल्द सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। ब्योरे की प्रति बीबीसी को प्राप्त हुई है।

फिर से लॉकडाउन प्रतिबंधों की रिपोर्ट उस वक्त आयी है, जब ब्रिटेन में शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण के रिकॉर्ड 93,045 मामले सामने आए। ओमीक्रॉन संक्रमण के मामले लंदन और स्कॉटलैंड में तेजी से बढ़े हैं। लंदन के अस्पतालों में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या पिछले सप्ताह की तुलना में 28.6 प्रतिशत बढ़कर 1,534 हो गई है।

यूरोप में विभिन्न देश सबसे अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन से उत्पन्न हुई कोविड-19 की संभावित नई लहर से बचने के लिए कड़ी पाबंदियां लगा रहे हैं। इस महामारी के मामलों में तीव्र वृद्धि के बीच फ्रांस और आस्ट्रिया के मंत्रियों ने यात्रा पाबंदियां कड़ी कर दी हैं। फ्रांस ने नए साल पर आतिशबाजी रद्द कर दी है।

डेनमार्क ने थियेटर, कंसर्ट हॉल, मनोरंजन पार्क एवं संग्रहालय बंद कर दिए हैं। आयरलैंड ने पब एवं बार में रात आठ बजे के बाद कर्फ्यू लगा दिया है तथा घर के अंदर एवं बाहर के कार्यक्रमों में लोगों की उपस्थिति सीमित कर दी है। डच सरकार के मंत्री विशेषज्ञ समिति की सलाह पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहे हैं जिसने पहले से चल रहे आंशिक लॉकडाउन को सख्त करने की सिफारिश की है।

भारत में फिलहाल कम मामले, पर सतर्कता जरूरी
शनिवार को देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 30 नए केस सामने आए। इससे पहले शुक्रवार को 26 नए केस सामने आए थे। पिछले तीन दिनों से देश में ओमिक्रॉन संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। इस तरह देश में अब तक ओमिक्रॉन के 143 केस दर्ज हो चुके हैं। देश के 12 राज्यों में ओमिक्रॉन संक्रमण का पता चल पाया है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, ये देश में चिंता का कारण है। हालांकि एक्सपर्ट्स ने कोरोना से बचाव के तरीकों को अपनाने की बात कही है। शनिवार को देश में ओमिक्रॉन के रिकॉर्ड 30 नए केस सामने आए। इसमें तेलंगाना में 12, महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में छह और केरल में चार नए मामले शामिल हैं। देश में लगातार तीसरे दिन ओमिक्रॉन मामलों में सबसे अधिक एक दिवसीय वृद्धि देखी गई है।





Related Post

Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE