मुंबई | न्यूज़ डेस्क | 19 वर्षीय युवती ने अपनी झूठी शिकायत से पुलिस को खूब छकाया। इस युवती ने खुद के साथ गैंगरेप होने की शिकायत की थी। नागपुर पुलिस ने मामले की तफ्तीश के लिए अपने कर्मियों की फौज लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि नागपुर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों समेत 1,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने सोमवार को यहां मामले की जांच की। शहर के 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाले गए। इसके बाद बाद जांचकर्ता इस नतीजे पर पहुंचे कि महिला ने गैंगरेप की कहानी गढ़ी थी। बाद में महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए ऐसा किया।
इससे पहले युवती ने पुलिस में शिकायत की थी कि चिखाली इलाके के समीप सुनसान जगह पर दो लोगों ने उससे दुष्कर्म किया। उसने दावा किया कि वह सुबह रामदासपेठ इलाके में अपनी संगीत सीखने जा रही थी। तभी दो लोग सफेद रंग की वैन में आए और उससे बूटीबोरी का रास्ता पूछा।अधिकारी ने युवती की शिकायत के हवाले से बताया कि इसके बाद दोनों लोगों ने उसे जबरन वैन में खींच लिया और एक कपड़े से उसका मुंह ढंक दिया। अपहरणकर्ता उसे एक सुनसान जगह पर ले गए तथा उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पुलिस ने की गहन जांच मामले की गंभीरता को भांपते हुए शहर की पुलिस ने तत्काल इसकी जांच शुरू कर दी। कलमणा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुनील फुलारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच के लिए सीताबर्डी पुलिस थाने पहुंचे।
अधिकारी ने बताया कि कुमार ने सीसीटीवी फुटेज, शहर में वैन गाड़ियों की जांच करने और युवती के दोस्तों से पूछताछ करने के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के 40 विशेष दल गठित किए जबकि युवती को चिकित्सा जांच के लिए मायो अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि छह घंटों से अधिक समय की कड़ी मशक्कत और 50 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि युवती ने गैंगरेप की कहानी गढ़ी है।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया सच अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से यह पता चला कि युवती सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर वैराइटी चौक पर एक बस से उतरी। सुबह दस बजे वह झांसी रानी चौक की तरफ पैदल चली। इसके बाद उसने 10 बजकर 15 मिनट पर आनंद टॉकीज चौक से ऑटो रिक्शा लिया। सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर मायो अस्पताल पर उतर गयी।
इसके बाद उसने एक और ऑटो रिक्शा लिया और 10 बजकर 54 मिनट पर चिखाली चौक पर उतर गयी। उन्होंने बताया कि एक पेट्रोल पम्प पर लगे सीसीटीवी कैमरा में युवती को 11 बजकर चार मिनट पर कलमणा पुलिस थाने की ओर पैदल चलते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि ये जानकारियां मिलने के बाद पुलिस ने महिला ने पूछताछ की। उससे पूछा गया कि क्या उसने यह कहानी गढ़ी है। इस पर युवती ने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए ऐसा किया।