हरियाणा | न्यूज़ डेस्क | हिसार में चाइल्ड पोर्नोग्राफी का मामला पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सामने आया है | दरअसल बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें शेयर करने के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो14 राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है | इस कड़ी में सीबीआई की टीम ने मंगलवार को हिसार में भी दबिश दी | सीबीआई ने हरियाणा के तीन अन्य बड़े शहर यमुना नगर, पानीपत, सिरसा में भी दबिश दी है |
हिसार की डिफेंस कालोनी और दो गांवों बासड़ा और सरसाना में दबिश दी गई है| सीबीआई टीम दो गाड़ियों में सवार होकर यहां पहुंची थी, करीब 8 लाेगों की टीम छापेमारी के बाद शहर के एक होटल में कुछ देर ठहरी, इसके बाद यहां से रवाना हो गई | सीबीआई ने गांव बासड़ा के सतकार नाम के एक युवक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया है | इस युवक के पास से एक कंप्यूटर और लैपटाप भी जब्त किया है |
सीबीआई को हिसार के आइपी एड्रेस से इंटरनेट पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी के सबूत मिले थे | हिसार में आईपी लिंक से बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री इंटरनेट पर अपलोड कर दी गई थी | इसी बात की सूचना मिलने पर सीबीआई ने आईपी एड्रेस के संचालनकर्ता का पता लगाकर हिसार में दबिश दी है | वहीं हिसार के साथ-साथ सिरसा और फतेहाबाद जिलों में भी कई जगहों पर सीबीआई ने दबिश दी. सीबीआई ने सर्च अभियान के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रानिक गैजेट्स, मोबाइल, लैपटाप जब्त किए हैं |
सीबीआई को आज की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अलग अलग ठिकानों से गैजेट्स, पैन ड्राइव, लैपटॉप जब्त किए गए हैं, जिनसे बहुत सारे इलेक्ट्रॉनिक सबूत मिले हैं | इन सबूतों, शुरुआती पूछताछ व जांच में यह सामने आया है कि भारत से यह चाइल्ड पोर्नोग्राफी का नेटवर्क 100 देशों तक फैला हुआ है | इस नेटवर्क में शामिल कुछ अन्य देशों के लोगों के नाम भी सामने आए हैं | अब तक तलाशी के दौरान, कई इलेक्ट्रानिक गैजेट्स/मोबाइल/लैपटाप आदि बरामद हुए है. यह पता चला है कि कुछ व्यक्ति सीएसईएम सामग्री के व्यापार में संलिप्त पाए गए है |
14 राज्यों के 77 स्थानों पर CBI की तलाशी
सीबीआई टीमों ने तिरुपति, कनेकल (आंध्र प्रदेश), दिल्ली (19), कोंच-जालौन, मऊ, चन्दौली, वाराणसी, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, नोएडा, झॉसी, गाज़ियाबाद, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), जूनागढ़, भावनगर, जामनगर (गुजरात), संगरुर, मलेरकोटला, होशियारपुर; पटियाला (पंजाब), पटना, सिवान (बिहार), यमुना नगर, पानीपत, सिरसा, हिसार (हरियाणा), भद्रक, जाजपुर, धेनकनाल (ओडिशा), त्रिरूवलूर, कोयम्बटूर, नमक्काल, सलेम, तिरुवन्नामलाई (तमिलनाडु), अजमेर, जयपुर, झुंनझुनु, नागौर (राजस्थान), ग्वालियर (मध्य प्रदेश), जलगॉव, सलवाड़, घुले (महाराष्ट्र), कोरबा (छत्तीसगढ़) तथा सोलन (हिमाचल प्रदेश) सहित देश भर के 14 राज्यों में स्थित आरोपियों के लगभग 77 स्थानों पर आज तलाशी की गई है |
गौरतलब है कि सीबीआई की जांच में यह बात सामने आई थी कि चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लायटेशन मैटेरियल की ट्रेडिंग में बहुत से लोग शामिल हैं | शुरुआती जांच में सामने आया है कि 50 से ज्यादा ग्रुप और 5000 से ज्यादा अपराधी चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूस मैटेरियल शेयर करने में संलिप्त हैं | इन ग्रुपों में से अधिकतर में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं |