मलाजखंड | न्यूज़ डेस्क | हिंदुस्तान कापर लिमिटेड मलाजखंड द्वारा ताम्र अयस्क खनन के साथ ही अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन किया जा रहा है। इसी कड़ी में एचसीएल मलाजखंड द्वारा जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र की शालाओं के गरीब बैगा बच्चों को ठंड से बचने के लिए लोवर एवं टी-शर्ट का वितरण किया गया है और पढ़ाई के लिए स्कूल बैग भी दिया गया है। बैगा बच्चे लोवर, टी-शर्ट एवं स्कूल बैग पाकर खुश है।
बीआरसी बिरसा हेमंत राणा द्वारा शालाओं के निरीक्षण के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्र की दूरस्थ शालाओं के बैगा बच्चों को कपड़ों एवं स्कूल बैग की कमी को देख कर इन बच्चों की मदद हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैहर श्री गुरूप्रसाद से निवेदन किया गया था। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैहर श्री गुरूप्रसाद द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एचसीएल मलांजखण्ड को निगमित सामाजिक दायित्व कार्यक्रम (सीएसआर) में उपलब्ध फण्ड से इन दूरस्थ नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये थे । एचसीएल के अधिकारियों ने भी अपने सामाजिक दायित्वों को निभाने के लिए इसके लिए सहर्ष सहमति प्रदान कर दी।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैहर श्री गुरूप्रसाद के निर्देशानुसार दिनांक 11 दिसंबर 2020 को हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड मलांजखण्ड के निगमित सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर.) कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकारी निदेशक श्री विनय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सी.एस.आर. के प्रमुख श्री हिंमाशु पाणीग्रही, संजय कुमार यादव एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक श्री हेमंत कुमार राणा की उपस्थिति में जनशिक्षा केन्द्र सोनगुडडा के प्राथमिक शाला कुण्डेकसा, माध्यमिक शाला कुण्डेकसा, प्राथमिक शाला उसरी, प्राथमिक शाला बोंदारी, माध्यमिक शाला बोंदारी, प्राथमिक शाला कोरका, प्राथमिक शाला उर्सेकाल, प्राथमिक शाला कोहनीमोर की शालाओं में दर्ज सभी 266 बच्चों को प्रतिछात्र एक टी शर्ट, एक लोवर एवं एक स्कूल बैग प्रदाय किया गया है।
इस कार्यक्रम में जन शिक्षक मंडई श्री महेश पटले, सोनगुडडा जन शिक्षक श्री सीताराम कौशिक एवं श्री रोहित कावरे के साथ प्राथमिक शाला कुण्डेकसा एवं माध्यमिक शाला कुण्डेकसा के प्रभारी श्री मोहनलाल यादव, प्राथमिक शाला उसरी के प्रभारी श्री रूपसिंह मेरावी, प्राथमिक शाला बोंदारी एवं माध्यमिक शाला बोंदारी के प्रभारी श्री मनोज भलावी, प्राथमिक शाला कोरका एवं प्राथमिक शाला उर्सेकल के प्रभारी श्री मनोज पंद्रे एवं प्राथमिक शाला कोहनीमोर के प्रभारी श्री सुधराम धुर्वे उपस्थित रहे ।