November 24, 2026

Join With Us


शिरोमणि अकाली मिलकर लड़ेंगे पंजाब चुनाव : अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान




चंडीगढ़। न्यूज़ डेस्क | पंजाब की राजनीति में कई दशक तक साथ रहे और किसान आंदोलन के समय अलग हुए अकाली भाजपा तकरीबन 6 वर्ष बाद फिर एक साथ होने का ऐलान करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने आज भाजपा मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसी में भाजपा-अकाली दल गठबंधन का औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।

दोपहर करीब 1 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ही 26 सितंबर 2020 को टूटा पुराना रिश्ता फिर से जुड़ जाएगा। 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव अब NDA बनाम आप और कांग्रेस की सीधी लड़ाई होगी। शाह और नितिन नवीन ने पहले ही एनडीए की सरकार बनने का दावा करते हुए गठबंधन का संकेत दिया था।

क्यों टूटा था गठबंधन

इस गठबंधन की कहानी को समझने के लिए 2020 में लौटना होगा। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसान आंदोलन भड़क उठा। अकाली दल, जो खुद को किसानों की पार्टी बताता है, बुरी तरह फंस गया। एक तरफ दिल्ली में उसके गठबंधन एन डी ए की सरकार, दूसरी तरफ पंजाब की सड़कों पर किसान। पहले हरसिमरत कौर बादल ने सितंबर 2020 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया। फिर 26 सितंबर 2020 को अकाली दल की कोर कमेटी ने NDA से बाहर निकलने का फैसला किया। सुखबीर ने तब कहा था कि केंद्र ने किसानों की भावनाओं को नहीं सुना। उस टूट का खामियाजा दोनों को भुगतना पड़ा।

2022 में भुगता खामियाजा

2022 विधानसभा चुनाव में अकाली दल सिर्फ 3 सीटों पर सिमट गया और भाजपा को सिर्फ 2 सीटें मिलीं। 2024 लोकसभा में भाजपा को पंजाब में एक भी सीट नहीं मिली, अकाली दल को सिर्फ बठिंडा की 1 सीट मिली।

1996 से 2020 तक : नाखून-मांस का रिश्ता

भाजपा-अकाली दल का रिश्ता सिर्फ चुनावी समझौता नहीं था। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल इसे "नौंह-मास दा रिश्ता" - नाखून और मांस का रिश्ता कहते थे। इतिहास की टाइमलाइन :

1952 से शुरुआत : अकाली दल और जनसंघ (भाजपा की पूर्ववर्ती पार्टी) के बीच तालमेल 1952 से ही था। 1975-77 की इमरजेंसी के दौरान दोनों और करीब आए और 1977 में जनता पार्टी की सरकार में साथ रहे।

1980 में भाजपा का गठन : जनसंघ से अलग होकर भाजपा बनी, लेकिन पंजाब में अकाली दल से दोस्ती बनी रही।

1996 मोगा घोषणा : प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी-लालकृष्ण आडवाणी के बीच मोगा में बिना शर्त गठबंधन हुआ। इसे हिंदू-सिख एकता का प्रतीक बताया गया। उस समय पंजाब आतंकवाद के काले दौर से बाहर निकल रहा था।

1997 चुनाव : गठबंधन ने 117 में से 93 सीटें जीतीं। अकाली दल को 75 और भाजपा को 18 सीटें मिलीं।

2007 चुनाव : फिर सत्ता में वापसी। अकाली दल 49, भाजपा 19 सीटें।

2012 चुनाव : इतिहास रच दिया। पंजाब के पुनर्गठन (1966) के बाद पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल की। अकाली दल 56, भाजपा 12 सीटें।

2014 और 2019 लोकसभा : केंद्र में NDA सरकार में अकाली दल को कैबिनेट में जगह मिली। सुखदेव सिंह ढींडसा, सुखबीर बादल और हरसिमरत कौर बादल मंत्री बने।

सीट फॉर्मूला : विधानसभा में अकाली दल 94 सीटों पर और भाजपा 23 सीटों पर लड़ती थी। लोकसभा में भाजपा 3 और अकाली दल 10 सीटों पर लड़ता था। भाजपा हमेशा छोटा भाई रही। अब इसमें बदलाव होगा और अकाली 70-47 भाजपा फार्मूला हो सकता है।

फिर से क्यों जुड़े? 2027 का गणित 2027 की लड़ाई में तीनों पार्टियों के पास अपनी मजबूरी है।

भाजपा की मजबूरी : भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़कर 2022 और 2024 में हार चुकी है। भाजपा के आंतरिक सर्वे में भी सामने आया कि अकाली दल के बिना भाजपा को बढ़त नहीं मिलेगी। अगर भाजपा अकेले लड़ती तो कांग्रेस को सीधा फायदा होता।

अकाली दल की मजबूरी: 2022 में 3 सीटों पर सिमटने के बाद अकाली दल का वजूद ही दांव पर है। SGPC पर कब्जा तो बरकरार है, लेकिन वोट में वो कब्जा नहीं बदल रहा था। सुखबीर को पता था कि बिना राष्ट्रीय पार्टी के साथ के पंजाब में सत्ता में वापसी मुश्किल है।

गुरपर्व पर ही हुआ था कृषि कानूनों की वापसी का एलान

राजनीति में तारीखें यूं ही नहीं चुनी जातीं। 19 नवंबर 2021 का दिन भी ऐसा ही था। उस दिन श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व था। सुबह 9 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र के नाम संबोधन के लिए आए और देश को चौंका दिया। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, आज गुरु नानक देव जी का पवित्र प्रकाश पर्व है। यह समय किसी को भी दोष देने का नहीं है। इसी संबोधन में उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया। मोदी ने कहा था, शायद हमारी तपस्या में ही कोई कमी रह गई होगी, जिसके कारण दिए के प्रकाश जैसा सत्य कुछ किसान भाइयों को हम समझा नहीं पाए।

बाद में संसद के शीतकालीन सत्र में तीनों कानून - कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) अधिनियम, कृषक (सशक्तिकरण और संरक्षण) मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा पर करार अधिनियम, और आवश्यक वस्तु (संशोधन) अधिनियम, 2020 - औपचारिक रूप से रद्द कर दिए गए।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यही प्रधानमंत्री मोदी की शैली है। वे सिख भावनाओं का ख्याल रखते हैं, तभी तो इतना बड़ा फैसला गुरपुरब के दिन लिया गया।





Related Post

Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE