October 27, 2026

Join With Us


एसएसपी वाई.पी. सिंह के पुत्र द्वारा फायरिंग : विधायक इंद्रशाह मंडावी ने उठाए सवाल

शस्त्र पूजा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के पुत्र द्वारा कथित रूप से हथियार से हर्ष फायरिंग





मोहला । केजन साहू  । मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने रक्षित केंद्र, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विजयादशमी पर्व पर शस्त्र पूजा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह एवं उनके पुत्र द्वारा कथित हर्ष फायरिंग किए जाने संबंधी वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच एवं शस्त्र संचालन नियमों के उल्लंघन की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने हेतु प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।


उन्हों बताया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी स्थित रक्षित केंद्र में आयोजित शस्त्र पूजा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के पुत्र द्वारा कथित रूप से हथियार से हर्ष फायरिंग किए जाने संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। उक्त वीडियो के संबंध में बताया जा रहा है कि यह इंस्टाग्राम में mmac_police 29 नामक सोशल मीडिया पेज पर प्रसारित हुआ है, जिसे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस का आधिकारिक पेज बताया जा रहा है।


विधायक ने उक्त मामले पर कहा कि यदि उक्त वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि होती है, तो यह घटना शस्त्रों के सुरक्षित संचालन, सार्वजनिक सुरक्षा तथा पुलिस विभाग में लागू नियमों एवं अनुशासन के पालन के संबंध में गंभीर जांच का विषय है। शस्त्र पूजा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, किंतु इस अवसर पर भी हथियारों के उपयोग में निर्धारित कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की हर्ष फायरिंग से गोली के अनियंत्रित होकर गिरने, किसी व्यक्ति के घायल होने अथवा उसकी मृत्यु होने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। अतः सार्वजनिक अथवा संस्थागत परिसर में हथियार से फायरिंग किए जाने की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच आवश्यक है।


पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष फायरिंग चर्चा का विषय

यह भी उल्लेखनीय है कि जब पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा विजयादशमी के अवसर पर शस्त्रों के उपयोग एवं कथित हर्ष फायरिंग को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठाए जा रहे हों तथा नियमों के पालन के संबंध में शिकायतें सामने आ रही हों, तब पुलिस विभाग के ही किसी अधिकारी के पुत्र द्वारा उनके उपस्थिति में पुलिस के रक्षित केंद्र में कथित रूप से फायरिंग किए जाने का मामला विशेष सतर्कता एवं निष्पक्ष जांच की अपेक्षा करता है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जवाबदेही निर्धारित करना

विधायक ने कहा कि यह जांच की जाए कि संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जानकारी, अनुमति अथवा उपस्थिति में उनके पुत्र के द्वारा उक्त घटना हुई है। रक्षित केंद्र जैसे संवेदनशील पुलिस परिसर में हथियारों के सुरक्षित उपयोग एवं नियंत्रण की क्या व्यवस्था थी तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन किया गया या नहीं, इसका भी परीक्षण किया जाए।


वायरल वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन

विधायक ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पुत्र द्वारा अकसर रक्षित केंद्र में हथियार से फायरिंग करने की सूचना राहगीर भी देते रहते है, रक्षित केंद्र के विगत 6 माह का सीसीटीवी फुटेज जांच करना आवश्यक है। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, मूल वीडियो, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। वीडियो की प्रामाणिकता, घटना की वास्तविक परिस्थितियों तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका का तथ्यात्मक निर्धारण किया जाए।


पद एवं प्रभाव से मुक्त निष्पक्ष जांच की मांग

विधायक ने कहा कि चूंकि प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के पुत्र की कथित संलिप्तता का प्रश्न उठ रहा है, इसलिए जांच ऐसे वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराई जाए, जो संबंधित अधिकारी के प्रत्यक्ष प्रशासनिक प्रभाव से मुक्त हो। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति को पद, संबंध अथवा प्रभाव के आधार पर अनुचित संरक्षण न मिले।


दोष सिद्ध होने पर वैधानिक कार्रवाई

जांच में यदि शस्त्र संबंधी कानूनों, सुरक्षा नियमों अथवा विभागीय निर्देशों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लागू कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में पुलिस परिसरों में शस्त्रों के उपयोग एवं शस्त्र पूजा जैसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।





Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE