नागपुर। एड अब्दुल अमानी कुरेशी | केंद्रीय आयुष मंत्रालय के अधीन केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) द्वारा संचालित क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, नागपुर परिसर में बनने वाले 50 बेड वाले नवीन आयुर्वेद अस्पताल के भवन का भूमि पूजन गुरुवार, 6 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ।
भूमि पूजन केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने वर्चुअल माध्यम से किया। कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय के सचिव पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा, सीसीआरएएस के महानिदेशक प्रो. (वैद्य) रबिनारायण आचार्य, वरिष्ठ सांख्यिकीय सलाहकार सत्यजीत पॉल, आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नागपुर के नंदनवन स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान की प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. सविता शर्मा तथा केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता राजेश कुमार भी मौजूद रहे।
डॉ. सविता शर्मा ने बताया कि अस्पताल भवन का निर्माण 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तैयार होने के बाद नागपुर और आसपास के जिलों के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही यह परियोजना आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और जनसेवा को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा क्षेत्र में आयुष सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।