November 04, 2026

Join With Us


दीपावली पर हो बाजारों में सुगम आवागमन और व्यवस्थित व्यापार : महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त लीना कोसम ने किया निरीक्षण

इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड, निब्बू लाइन में दो घंटे तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दुकानों के सामने 8×8 फीट की चूने से कराई गई मार्किंग




दुर्ग | सोनम कौर |  नगर पालिक निगम। दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए नागरिकों की भीड़ बढ़ने लगी है। त्योहार के दौरान व्यापारियों एवं ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त लीना कोसम ने शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड, एवं पुराना थाना के पीछे स्थित निब्बू लाइन सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया।महापौर एवं आयुक्त ने लगभग दो घंटे तक पैदल भ्रमण कर बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दुकानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण, पसरा, ठेला-खोमचा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा में रहकर ही व्यापार करने की समझाइश दी गई। साथ ही दुकानों के सामने 8×8 फीट की चूने से मार्किंग कराई गई, ताकि प्रत्येक दुकानदार एवं ठेला-खोमचा संचालक निर्धारित सीमा में ही अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।


निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने पुराना बस स्टैंड स्थित पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया। दीपावली के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित रखने तथा नागरिकों के वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर महापौर ने मौके पर ही निगम अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।


महापौर अलका बाघमार ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली सभी के लिए खुशियों और उत्साह का पर्व है। ऐसे में बाजार को व्यवस्थित रखना व्यापारियों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यापारी अपनी दुकान का सामान सड़क पर न फैलाएं और निर्धारित मार्किंग के भीतर ही व्यवसाय करें, जिससे ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी न हो और आवागमन बाधित न हो।आयुक्त लीना कोसम ने बाजार विभाग एवं अतिक्रमण अमले को निर्देशित किया कि निर्धारित मार्किंग के बाहर दुकान लगाने, सामान फैलाने अथवा सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। मार्किंग का उल्लंघन करने पर सामान की जब्ती एवं जुर्माना लगाया जाएगा। इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास भी विशेष रूप से मार्किंग कराई गई है, ताकि बाजार क्षेत्र में पसरा एवं ठेला-खोमचा निर्धारित सीमा से बाहर न लगें।निगम प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में स्वच्छता, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है, ताकि व्यापारी सुचारू रूप से अपना व्यवसाय कर सकें और नागरिक सुविधाजनक तरीके से दीपावली की खरीदारी कर सकें।निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य शेखर चन्द्राकर, निलेश अग्रवाल, खलीक रिजवी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





Related Post

Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE