दुर्ग । सोनम कौर । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम दुर्ग में 131वें संविधान संशोधन (नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023) विषय पर विशेष सामान्य सभा का आयोजन किया गया। यह सभा नगर निगम परिसर स्थित मोतीलाल वोरा सभागार में संपन्न हुई।सभा की अध्यक्षता निगम सभापति श्याम शर्मा द्वारा की गई। 
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 संशोधन विधेयक के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया। चर्चा के दौरान महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अधिक अवसर प्रदान करने तथा उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विस्तृत चर्चा के पश्चात नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 संशोधन विधेयक प्रस्ताव को विशेष सामान्य सभा में बहुमत से पारित किया गया। यह निर्णय महिला सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने, उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने तथा समाज में उनकी भूमिका को और अधिक मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इस प्रकार के निर्णयों से महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित स्थान मिलेगा और समाज में समानता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम दुर्ग महिलाओं के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाते रहेंगे।
महापौर अलका बाघमार ने विशेष सभा में कहा कि 131वें संविधान संशोधन विधेयक के अंतर्गत प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 को संसद में पारित नहीं किए जाने के विरोध में प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। यह अधिनियम, जिसे महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के रूप में भी जाना जाता है, देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने कहा कि इस कानून का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व प्रदान करना है, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका सशक्त और प्रभावी हो सके। महापौर ने जोर देते हुए कहा कि इस विधेयक के पारित होने से राजनीति में महिलाओं की सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और समाज के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार एमआईसी सदस्य देवनारायण चन्द्राकर,नरेन्द्र बंजारे,शेखर चन्द्राकर,लीना दिनेश देवांगन,मनीष साहू,ज्ञानेश्वर ताम्रकार,निलेश अग्रवाल,शिव नायक,शशि साहू, लीलाधर पाल, हर्षिका सँभव जैन,आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले सहित जन प्रतिनिधि के अलावाअधिकारी/कर्मचारी गण मौजूद रहे।