इंदौर | न्यूज़ डेस्क | शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह एक आईटी कंपनी की आड़ में फर्जी एडवाइजरी का काम कर रहा था और भोले-भाले लोगों को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसा रहा था। मामले में तुकोगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभय प्रशाल के सामने स्थित इंफिनिक्स इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस पर छापा मारा है। यहां से बड़े स्तर पर ठगी के सबूत मिले हैं।
कंपनी के नाम पर फर्जी सेटअप था तैयार
इंदौर पुलिस जांच में सामने आया कि कंपनी के नाम पर एक फर्जी सेटअप तैयार किया गया था, जिसमें 200 से ज्यादा युवक-युवतियां काम कर रहे थे। इन कर्मचारियों को लोगों को शेयर मार्केट में निवेश के लिए तैयार करने पर मोटा इंसेंटिव दिया जाता था। कंपनी के संचालक कर्मचारियों को रोजाना टारगेट देते थे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का दबाव बनाते थे।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब देपालपुर निवासी नीतीश भगत ने शिकायत दर्ज कराई। भगत के मुताबिक उन्हें फोन कर शेयर बाजार में निवेश करने के लिए कहा गया। जब उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही तो उन्हें एक महिला से बात करवाई गई, जिसने भरोसा दिलाते हुए निवेश के लिए राजी कर लिया। इसके बाद उनसे करीब 4 लाख 80 हजार रुपए अलग-अलग माध्यमों से निवेश करवा लिए गए।
सॉफ्टवेयर में दिखाया गया मुनाफा
शुरुआत में उन्हें एक मोबाइल ऐप और सॉफ्टवेयर पर मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हुआ। लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें कोई राशि वापस नहीं मिली और तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
कंपनी के ऑफिस पर दबिश दी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के ऑफिस पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से 23 CPU, 14 लैपटॉप, 66 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, DVR, मॉनिटर और चेकबुक सहित कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इनका इस्तेमाल लोगों को झांसा देने और ठगी करने में किया जा रहा था।
इनलोगों पर केस दर्ज
मामले में पुलिस ने कंपनी के संचालक मनीष पांडे, प्रियंका मेहरा, संदीप त्यागी, अनुराग सैलानी, नेहा जैन और अनिमेष चौहान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें से प्रियंका मेहरा, संदीप त्यागी, अनुराग सैलानी और अनिमेष चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मनीष पांडे और नेहा जैन फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।