नागपुर | एड अब्दुल अमानी कुरैशी । गुरु साहिब की कृपा और 1 चेत – नानकशाही संवत 558 (सिख नव वर्ष) के शुभ अवसर पर 5P जत्था – पंज प्रधानि प्रबंध प्रणाली, नागपुर द्वारा शहर के विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों में सिख पर्यावरण जागरूकता अभियान का सफल शुभारंभ किया गया।
गुरमत सिद्धांत “पवन गुरु पानी पिता माता धरत महत” से प्रेरित यह पहल संगत को प्रकृति की रक्षा करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है। इस अभियान का मुख्य संदेश है — “वन सिख – वन ट्री” (एक सिख – एक पेड़)।
इस अभियान के प्रथम चरण में
• विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
• संगत और विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई।
• सहभागी गुरुद्वारा साहिबों द्वारा संगत में 250 से अधिक पौधों का वितरण किया गया।
• कई गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों ने इस पर्यावरण अभियान को पूरे वर्ष समर्थन देने की सहमति प्रदान की।
इसके अतिरिक्त गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल, नागपुर के विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण तथा वृक्षारोपण शामिल थे।
5P जत्था के सदस्यों ने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संगत सदस्यों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों तथा गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि यह पहल नागपुर में दीर्घकालिक सिख पर्यावरण आंदोलन की शुरुआत है और हर सिख परिवार को प्रकृति की सेवा के रूप में पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करती है।