January 19, 2026

Join With Us


नवाचार की नींव : अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से नई पीढ़ी को संवारता भिलाई इस्पात संयंत्र




भिलाई | नईमुद्दीन खान | सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र केवल इस्पात उत्पादन तक सीमित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि शिक्षा, नवाचार और मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में भी दीर्घकालिक दृष्टि रखने वाला संस्थान है। इसी सोच के अनुरूप संयंत्र द्वारा संचालित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में सेक्टर-10 स्थित बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता विकसित करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।

नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के अंतर्गत स्थापित यह अटल टिंकरिंग लैब सेल के अंतर्गत पहली लैब है, जिसका उद्घाटन 14 अक्टूबर 2019 को सेल के निदेशक (कार्मिक) अतुल श्रीवास्तव द्वारा किया गया था। पूर्णत: वातानुकूलित एवं आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह लैब विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा-कक्ष शिक्षण से आगे बढ़कर हैंड्स-ऑन लर्निंग का अवसर प्रदान करती है, जहाँ वे स्वयं प्रयोग करके सीखते हैं और अपनी कल्पनाओं को व्यावहारिक रूप देते हैं।

लैब में 3-डी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट, डी-आई-वाई किट, रास्पबेरी-पाई, आर्डुइनो यूएनओ एवं नैनो बोर्ड, माइक्रोकंट्रोलर, सेंसर, स्टेम लर्निंग किट और इंटरैक्टिव बोर्ड जैसी उन्नत आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं, जिसे विद्यार्थी सीखते है और काम करते है। एक समय में 40 से अधिक विद्यार्थी यहाँ प्रयोगात्मक गतिविधियों में भाग लेकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एस्टेम) आधारित समस्याओं के समाधान खोजते हैं। यह व्यवस्था छात्रों में समस्या-समाधान, टीमवर्क और नवाचार की प्रवृत्ति को सशक्त रूप से विकसित कर रही है।

अटल टिंकरिंग लैब की गतिविधियाँ केवल विद्यालय तक सीमित नहीं हैं। बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 की अटल टिंकरिंग लैब प्रतिवर्ष दो विशेष कार्यशालाओं का आयोजन करती है, जो ग्रीष्मावकाश और शीतावकाश के दौरान आयोजित होती हैं। इन कार्यशालाओं में विज्ञान और तकनीक में रुचि रखने वाले किसी भी विद्यालय के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इन सत्रों में छात्रों को रोबोटिक्स, 3-डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) के साथ-साथ बुनियादी इलेक्ट्रॉनिक्स परियोजनाओं के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनमें प्रारंभिक स्तर पर ही तकनीकी आत्मविश्वास विकसित होता है।

डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग की दिशा में अटल टिंकरिंग लैब द्वारा एक यूट्यूब चैनल भी संचालित किया जा रहा है, जिसे विद्यालय के विद्यार्थी स्वयं प्रबंधित करते हैं। इस मंच पर छात्र अपनी परियोजनाओं, नवाचारों और प्रयोगात्मक गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा करते हैं, जिससे न केवल उनकी सीख को व्यापक पहचान मिलती है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचार के लिए प्रेरणा प्राप्त होती है।

अटल टिंकरिंग लैब के इंचार्ज एवं गणित शिक्षक टी. के. साहू के अनुसार यह लैब सभी जिज्ञासु विद्यार्थियों के लिए खुला मंच है। किसी भी विद्यार्थी को प्रत्येक शनिवार अथवा शासकीय अवकाश के दिनों में यहाँ आकर नई तकनीकें सीखने और अपने प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिलता है। यह लचीलापन छात्रों को निरंतर सीखने और प्रयोग करते रहने के लिए प्रेरित करता है।



Related Post


+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE