चोरी की वारदात सामने आई है जिसमें एक आस्तिक चोर मंदिर में प्रवेश करता है। भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता है। उसके बाद वहां रखे 3 किलो के चांदी के छत्र और अन्य सामान चोरी करके फरार हो जाता है
जयपुर। न्यूज डेस्क । राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। जहां मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने हाथ जोड़कर भगवान से आशीर्वाद मांगा और फिर मंदिर में लगी मूर्तियो से चांदी के छत्र व माला की चोरी। हैरानी की बात ये है कि चोरी करने के बाद चोर ने हाथ जोड़कर भगवान से क्षमा मांगी। फिर एक-एक करके सारे आभूषण उतार लिए। चोरी की यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना राजधानी जयपुर के शाहपुरा कस्बे के गांव गोनाकासर की है। वहीं, चोर यहीं तक नहीं रुका, उसने मंदिर में रखे 3 किलो वजनी चांदी के छत्र चुरा ले गया। इस वारदात के बाद भक्तों ने नाराजगी जताई है। हालांकि, इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी वीडियो के जरिए आरोपी को पहचानने की अपील की है।
क्या है मामला?
वहीं, मंदिर के पुजारी का कहना है कि बुधवार को सुबह जब उन्होंने पूजा की तब छत्र थे। मगर, गुरुवार सुबह 5 बजे पूजा करने गए तो मंदिर से छत्र गायब होने की जानकारी मिली। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरे में चेक किया तो बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक चोर मंदिर में घुसकर छत्रों को चुराकर वहां से ले जाता हुआ नजर आया। पुलिस के अनुसार, चांदी के छत्र की मार्केट में कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, इस मामले का खुलासा सुबह तब हुआ जब मंदिर के पुजारी ने आरती के लिए कपाट खोले। पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी गई है। इस मामले में मनोहरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर में हुई चोरी की घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार चोरी हुए मामले की सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला है। इस आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। हालांकि, इससे पहले हुई चोरी का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। जिसकी जांच-पड़ताल अभी भी चल रही है।
पिछले 6 महीने में हुई तीसरी बार चोरी
बता दें कि, इससे पहले भी इसी मंदिर से बीते 6 महीने पहले भी 5 छत्र व 2 महीने पहले 5 छात्र चोरी हो गए थे। इस चोरी होने के बाद हर बार ग्रामीण नए छत्र दान कर देते हैं। वहीं, चोरी की घटना पर लगाम कसने के लिए इस बार मंदिर में मंदिर प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरा भी लगाया था। फिलहाल, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।