नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | गाज़ियाबाद जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इंदिरापुरम के गुरुद्वारे ने अनूठी पहल शुरू की है | गुरुद्वारा संचालकों ने ऑक्सीजन लंगर शुरू किया है | लंगर में कोरोना मरीजों को ऑन रोड ऑक्सीजन दी जा रही है | लोग मरीज को ले जाकर तुरंत आक्सीजन दिलवा रहे हैं | यह सेवा गुरुवार रात से शुरू की गई है और अब तक करीब 35 लोगों को ऑक्सीजन दी जा चुकी है | संचालकों का कहना है कि प्रशासन इसमें मदद करे और ऑक्सीजन की सप्लाई लगातार दिलवाना सुनिश्चित करे |
इंदिरापुरम के गुरुद्वारे में ऑक्सीजन लंगर का संचालन करने वाले खालसा हेल्प इंटरनेशनल के फाउंडर गुरुप्रीत सिंह ने बताया कि शहर में ऑक्सीजन न मिलने की वजह से लगातार हो रही मौत को देखते हुए ऑक्सीजन लंगर चलाने का निर्णय लिया गया है | उनकी संस्था ने करीब 40 ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन देने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जुटाए हैं | इसके साथ ही बगैर देर किए रात में ही ऑक्सीजन लंगर चालू कर दिया गया |
रात से लेकर अब तक करीब 35 लोग ऑक्सीजन ले चुके हैं | गुरुप्रीत ने बताया कि कोरोना मरीज का ऑक्सीजन का लेबल अचानक गिरना शुरू होता है, परिजनों को अस्पताल में बेड या ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम करने में समय लगता है | ऐसे में लोग मरीज को लेकर यहां आते हैं, जिनमें से कुछ लोग अस्पतालों में बेड की व्यवस्था होने के बाद मरीज को ले जा रहे हैं और कुछ लोग यहीं रुक कर ऑक्सीजन दिलवा रहे हैं |