नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | पुलिस गैंगवार की घटना को रोकने में सफल रही | दिल्ली में बुधवार को हथियारों का जखीरा बरामद किया गया | इस खेप में 12 पिस्टल और 47 जिंदा कारतूस शामिल हैं | पुलिस के मुताबिक, हथियारों की ये जखीरा गैंगवार के लिए लाया गया था | पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बाहरी दिल्ली के कादीपुर गांव के पास एनकाउंटर में एक बदमाश को पकड़ा गया है | बदमाश गोली लगने से घायल हो गया | उसके पास मौजूद बैगपैक से हथियार बरामद हुए | पकड़े गए बदमाश की पहचान कपिल सांगवान उर्फ नंदू और ज्योति बाबा गैंग के गुर्गे सोमवीर के रूप में हुई | प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवीर हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है | नंदू गैंग और मंजीत महाल गैंग के बीच खूनी रंजिश चल रही है | इसी गैंगवार में ये हथियार इस्तेमाल होने थे |
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कपिल सांगवान एक फरार अपराधी है और उसके यूके में होने की आशंका है | सोमवीर उर्फ सिद्धार्थ के पास भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं | सूचना मिलने पर जब पुलिस ने इसे गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने फायरिंग की | पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली सोमवीर के पैर में लगी | उसे अस्पताल में भर्ती में कराया गया है | वह हत्या के कई मामलों में शामिल रहा है | पुलिस अधिकारी ने कहा कि खूंखार अपराधी को पकड़ने के साथ ही गैंगवार की संभावित घटना को समय रहते रोक लिया गया है | उसके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है |