न्यूज़ डेस्क | इस दुनिया में इंसान हैं, तो रिश्ते हैं, गर्मजोशी है, खट्टे-मीठे पल हैं। लेकिन जब दुनिया मशीनों के भरोसे चलने लगेगी तब? ऐसा संभव है, क्योंकि रोबोट अब कुछ भी कर सकते हैं। जैसे हाल ही में खबर आई कि वे प्रजनन भी कर सकेंगे। क्या दुनिया रोबोट्स की हो सकती है?
इस बात पर यकीन नहीं होता और डर भी लगता है कि रोबोट धीरे-धीरे इंसानों जैसे हो जाएंगे। पर, विज्ञान इसे सच करने की राह पर आगे बढ़ रहा है। क्योंकि, खबर है कि आने वाले वक्त में रोबोट्स ना सिर्फ चोट लगने और बीमारी होने पर खुद को ठीक कर सकेंगे, बल्कि प्रजनन क्षमता भी विकसित कर लेंगे। दुनिया के पहले जीवित रोबोट ‘जेनोबोट्स’ बनाने वाले वैज्ञानिकों का दावा है कि ये रोबोट अपने जैसे अन्य रोबोट भी पैदा कर सकेंगे।
कुछ दशक पहले विश्व में ‘रोबोट क्रांति’ की संभावना पर चर्चा छिड़ी थी, जो अब सच साबित होती दिख रही है। क्योंकि, रोबोट्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग अब उसे इनसानी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ता दिख रहा। अब रोबोट उद्योगों से लेकर घर के कामों में सहायक तक बन गए हैं। कुछ देशों मेंमहामारी के दौरान ऐसे रोबोट्स ने अहम भूमिका निभाई थी।
जैसे टेलडॉक रोबोट ने तमिलनाडु के अस्पताल को महामारी के महत्वपूर्ण महीनों के दौरान 40,000 से अधिक रोगियों की जांच करने में मदद की। इटली के कुछ अस्पताल रोगियों के कमरों को कीटाणुरहित करने के लिए यूवीडी रोबोट का उपयोग कर रहे हैं। विश्व के कुछ होटल्स हैं, जहां इनका उपयोग वॉयस गेस्ट कंट्रोल में इस्तेमाल हो रहा है। उद्योगों में तो लंबे समय से ये मौजूद हैं।
बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीटॺूट के सीनियर कंसल्टेंट साइकाएट्रिस्ट डॉ. प्रशांत गोयल कहते हैं, ‘रोबोट की जितनी संख्या बढ़ेगी, मानव जीवन उससे उतना प्रभावित होगा। यहां यह चिंता भी जायज ही है कि कहीं इंसान पर हावी न हो जाएं रोबोट। लेकिन रोबोट का मूल संचालन तो केवल मानव को ही करना है।
इसलिए जरूरी है कि रोबोट से मिलने वाली सहूलियतों और मौलिक मानव जीवन के बीच संतुलन बना रहे। यदि इन पर निर्भरता बढ़ी, तो शायद हमारी निष्क्रियता से सेहत संबंधी समस्याएं बढ़ें। हमारी जिजीविषा पर भी प्रभाव पड़ सकता है। हमें इस बात का खास ख्याल रखना होगा।’