उत्तर प्रदेश | न्यूज़ डेस्क | उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई | यहां तरवां थाना क्षेत्र के तीथऊपुर गांव में चकबंदी लेखपाल और उसकी पत्नी की रविवार रात हत्या कर दी गई | सोमवार सुबह जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया | आनन-फानन कई थानों की पुलिस के साथ ही पुलिस विभाग के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए | पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है | मौके पर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम जांच पड़ताल में जुटी है | पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन में जुट गई है |
जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के तीथऊपुर गांव निवासी (55) वर्षीय नगीना चकबंदी विभाग में लेखपाल के पद पर मऊ जिले में कार्यरत थे | रविवार की रात वह घर से कुछ दूरी पर गांव के बाहर अपने दूसरे निर्माणाधीन मकान पर अपनी पत्नी (52) वर्षीया मंसा देवी के साथ सो रहे थे | देर रात बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से पति व पत्नी की हत्या कर फरार हो गए | घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई तो कोहराम मच गया | चिखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गये | ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी |
दोहरे हत्याकांड की जानकारी के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया | आलाधिकारी मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन में जुट गये है | पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक की टीम के साथ वे खुद मौके पर पहुंचे | घटना के हर पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है | दंपति की हत्या धारदार हथियार से गला काटकर व सर पर प्रहार कर की गयी है | घटना की जांच चल रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा |