लखनऊ | न्यूज़ डेस्क | उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है | जहां पूरनपुर इलाके में एक नवविवाहिता ने अपने देवर और ससुर के खिलाफ उसके संग रेप की कोशिश करने का संगीन मामला दर्ज कराया है | पीड़िता ने अपने पति को भी इस मामले में आरोपी बनाया है | बताया जाता है कि पति अपनी पत्नी के साथ सम्बंध बनाने में असमर्थ है | यह बात जब बहु ने अपने ससुरालवालों को बताई तो उसके देवर और ससुर ने उसके साथ रेप की कोशिश की |
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने देवर और ससुर का विरोध किया तो उन लोगों ने उसकी पिटाई भी की| परेशान होकर बीती रात पीड़िता किसी तरह से पुलिस के पास पहुंची और आपबीती सुनाते हुए अपने पति, सास, ससुर सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया |
जानकारी के मुताबिक एक स्थानीय गांव की युवती की शादी बीती मई में हुई थी | युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने कई दिन तक उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए | फिर पति ने शारीरिक संबंध बनाने में सक्षम न होने की जानकारी भी उसे दी | उसने नवविवाहिता को ये भी बताया कि वो शादी से इनकार कर रहा था, लेकिन उसके परिवार और रिश्तेदारों ने जबरन उसकी शादी करा दी |
युवती का आरोप है कि जब उसने इस बात की जानकारी अपनी सास को दी तो उसने देवर से संबंध बनाने का तर्क दिया | इसी के बाद उसके देवर ने एक रात उसके कमरे में घुसकर रेप का प्रयास किया | विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की. फिर अगली रात उसके ससुर ने उसके साथ बलात्कार की कोशिश की | विरोध करने पर फिर उसकी पिटाई की गई |
कुछ दिन बाद तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर मायके वाले 31 मई को पीड़िता को विदा कराकर अपने साथ घर ले आए | इस दौरान लड़की की हालत में सुधार होने पर 25 अक्टूबर को उसके घर पंचायत हुई | पंचायत में लड़के पक्ष को दहेज आदि वापस करने को कहा गया | आरोप है कि तब लड़की के ससुरालियों ने गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दे डाली |
अब पुलिस ने पीड़ित विवाहिता की ओर से शाहजहांपुर निवासी उसके पति, ससुर, और देवर समेत नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है | पुलिस अब इस मामले की छानबीन में जुट गई है | अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है |