नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है | यहां एक शख्स ने अपनी भाभी को करंट लगाया और गले में चुन्नी बांधकर उसकी हत्या कर दी | हैरतअंगेज तरीके से वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी | महिला दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की पत्नी थीं | दिल्ली पुलिस ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया है और घटना की पड़ताल कर रही है |
राजधानी के बुराड़ी इलाके में एक बार फिर हत्या की हैरतअंगेज वारदात सामने आई है. यहां एक देवर ने अपनी भाभी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी | देवर ने सौतेले भाई की पत्नी पर जानलेवा हमला किया | आरोपी ने महिला का गला दबाकर उसे बेसुध कर दिया और फिर करंट भी लगाया | आरोपी ने महिला के गले में चुन्नी बांध कर उसकी हत्या कर दी |
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को भाभी की हत्या करने की जानकारी दी | थाने में मौजूद पुलिस के अधिकारी और अन्य कर्मी आरोपी की बात सुनकर हैरान रह गए | पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची | कुछ ही देर में फोरेंसिक टीम भी आ गई | दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है |
देश की राजधानी के बुराड़ी इलाके से रिश्तों को तार-तार कर देने का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है | मृत महिला के पति दिल्ली यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं | घटना सोमवार रात की है | पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के चचेरे देवर को हिरासत में ले लिया है | उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है | अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि आखिरकार इस वारदात के पीछे की सही वजह क्या है |
संत नगर स्थित इमारत की चौथी मंजिल पर वीरेंद्र अपनी पत्नी पिंकी और बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते हैं | वीरेंद्र ने इसी साल फरवरी में पिंकी के साथ शादी की थी. शादी के कुछ समय बाद ही परिवार में तनाव शुरू हो गया | जानकारी के मुताबिक शादी से पहले तक वीरेंद्र के साथ उसका सौतेला भाई राकेश भी अपने परिवार सहित रहता था | शादी के बाद से ही वीरेंद्र की पत्नी पिंकी को इस बात पर ऐतराज था | इस बात को लेकर के परिवार में कई बार कहासुनी भी होती रहती थी |
घटना के पीछे अवैध संबंध का भी शक
बीती रात पिंकी के परिजनों ने कई घंटों तक फोन किए, लेकिन फोन पर बात नहीं हो पाई | इसके बाद जब पिंकी के परिवारवाले उससे मिलने के लिए घर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई | उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है | परिजनों की मानें तो राकेश की पत्नी और वीरेंद्र के बीच में अवैध संबंध थे | इसी बात को लेकर परिवार में विवाद होता रहता था |
बताया जा रहा है कि सोमवार को एक बार फिर इसी मसले को लेकर घर में कलह हुआ | इसके बाद राकेश ने पिंकी का गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की | जब पिंकी बेसुध हो गई तो उसे करंट लगाया | इसके बाद राकेश खुद ही थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी भाभी की हत्या कर दी है | इसके बाद दिल्ली पुलिस राकेश को लेकर घर पहुंची जहां पर पिंकी का शव उसके कमरे में मिला |