रीवा । न्यूज डेस्क । रीवा में दो दिवसीय नि:शुल्क कैंसर जाँच एवं उपचार शिविर कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया। शिविर में पहले दिन रीवा तथा सीधी जिले के संभावित कैंसर रोगियों की जाँच की गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे विन्ध्य क्षेत्र में तंबाकू, सुपाड़ी तथा गुटखे के अधिक प्रयोग के कारण मुख कैंसर के रोगी बड़ी संख्या में हैं। अपने लंबे राजनैतिक जीवन में मैने हजारों कैंसर रोगियों का उपचार कराया है। तीसरी और चौथी स्टेज में पहुंचने पर इससे पीड़ित व्यक्तियों को जो पीड़ा होती है उसे बता पाना मुश्किल है। कैंसर का समय पर यदि पता चल जाए तो उसे पूरी तरह से बचाव हो जाता है। रीवा और शहडोल संभाग के संभावित कैंसर रोगियों को संकट से बचाने के लिए ही इस शिविर का आयोजन किया गया है। इंदौर कैंसर फाउण्डेशन के संस्थापक डॉ दिग्पाल धारकर और उनकी टीम पूरे सेवाभाव से रोगियों की जाँच कर रही है। हम किसी को भी कैंसर के गिरफ्त में नहीं जाने देंगे। श्री शुक्ल ने पूरे शिविर का भ्रमण कर रोगियों तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों से चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस शिविर को सफल बनाने में डॉ धारकर ने सराहनीय योगदान दिया है। जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अनेक संगठनों ने भी इस शिविर के लिए सराहनीय योगदान दिया है। कई अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एजेंसियों ने भी इसमें सहयोग किया है। रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कैंसर रोग के उपचार के लिए 32 करोड़ रुपए की लीनेक मशीन तथा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में 12 करोड़ की एमआरआई मशीन शीघ्र ही स्थापित हो जाएंगी। मऊगंज सिविल हास्पिटल में सुविधाएं बढ़ाने का काम लगातार जारी है। सभी सिविल अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को इतना सशक्त किया जाएगा कि रोगी को जिला अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग में 13 हजार पदों में शीघ्र ही भर्ती की जाएगी। इनमें से 3323 पदों के लिए नियुक्ति पत्र 29 फरवरी को जारी किए जा रहे हैं। अगले कुछ महीनों में दो हजार विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। रीवा में मार्च माह में विशाल जाँच एवं उपचार शिविर लगाया जाएगा। जिसमें केवल 20 रुपए देकर सभी प्रमुख जाँचों की सुविधा दी जाएगी। इसमें एक लाख से अधिक व्यक्तियों को लाभांवित करने का लक्ष्य रखा गया है।
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल की विशेष पहल पर विन्ध्य क्षेत्र को आज कैंसर उपचार शिविर के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा मिली है। गांव-गांव शिविर लगाकर 86 हजार व्यक्तियों की जाँच के बाद जो आठ सौ से अधिक संभावित कैंसर रोगी चिन्हित किए गए हैं उन्हें समय पर उपचार सुविधा मिलकर नया जीवनदान मिलेगा।