महज 14 साल की मासूम बच्ची को पिछले कई सालों से चोरी-छिपे बाल खाने की आदत थी। किशोरी के पेट से करीब ढाई किलो बालों का गुच्छा निकला है। डॉ प्रकाश ने बताया कि बालों के गुच्छे को मेडिकल जुबान में ट्राईकोबेजार कहा जाता है।
बिजनौर । न्यूज डेस्क । यूपी के बिजनौर शहर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक किशोरी के पेट से करीब ढाई किलो बालों का गुच्छा निकला है। सर्जरी करने के बाद पीड़िता के पेट से बाल निकाले गए हैं। अभी भी किशोरी अस्पताल में ही भर्ती है। उसका इलाज किया जा रहा है। डॉ प्रकाश के मुताबिक, ये बीमारी अक्सर महिलाओं में बहुत कम देखी जाती है । बाल खाने की बीमारी मानसिक रूप से पनपती है जिसके तहत बाल खाने की आदत पड़ जाती है।
बिजनौर शहर की रहने वाली महज 14 साल की किशोरी को पिछले कई सालों से चोरी-छिपे बाल खाने की आदत थी। बाल खाते-खाते किशोरी के पेट में बालों का भारी-भरकम गुच्छा जमा हो गया, जिसकी वजह से अक्सर पेट में दर्द, उल्टी व कुछ भी खाया नहीं जा रहा था। किशोरी के पिता ने पास के ही डॉक्टर प्रकाश को दिखाया।
डॉक्टर प्रकाश ने पेट का अल्ट्रासाउंड करवाया तो उसमें बालों के गुच्छों से गांठ बनी नजर आई। डॉ प्रकाश ने बताया कि बालों के गुच्छे को मेडिकल जुबान में ट्राईकोबेजार कहा जाता है। बहरहाल डॉक्टर प्रकाश ने पेट की सर्जरी के जरिए पेट से ढाई किलो के आसपास बालों का गुच्छा निकाल दिया है। फिलहाल सर्जरी के बाद बच्ची स्वस्थ है और अस्पताल में भर्ती है।