नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। मंगलवार को टीम-9 के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में 25 नये केस मिलने पर दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
यूपी 30 करोड़ 51 लाख से अधिक कोविड टीके की डोज लगाने और 10 करोड़ 93 लाख से अधिक सैम्पल की जांच करने वाला एकमात्र राज्य है। प्रदेश में अभी 289 कोविड मरीज उपचाराधीन हैं। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर नागरिक को टीका लग चुका है। 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रदेश में लगभग 700 निजी टीकाकरण केंद्रों पर बूस्टर डोज लगाए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी नियत शुल्क से अधिक की वसूली न हो।
85 फीसदी वयस्कों ने लगवाए दोनों टीका डोज
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. घई ने बताया कि प्रदेश में अब तक 85 प्रतिशत से अधिक पात्र वयस्क टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। वहीं 15-17 आयु वर्ग के लगभग 93 प्रतिशत किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है जबकि 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों में से 25 लाख बच्चों को टीका कवर दिया जा चुका है।
यूपी में विगत 24 घंटों के दौरान 90 हजार 250 कोरोना टेस्ट किए गए। इसमें 35 नए कोरोना पॉजिविट पाए गए। इसमें 25 केस सिर्फ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में मिले। इसी अवधि में 36 लोग स्वस्थ होकर कोरोना मुक्त भी हुए। वहीं प्रदेश में नेशनल सेंटर फॉर डिज़ीज कंट्रोल (एनसीडीसी) की शाखा खुलने जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराएगी।