January 01, 2022

Join With Us


स्किन पर रैशेज और असामान्य खुजली हो तो सावधान हो जाएं : कोविड टेस्ट जरूर करवाएं




न्यूज़ डेस्क | अब तक ओमिक्रॉन के लक्षणों को लेकर कोई पुख्ता रिसर्च सामने नहीं आई थी। अब इसके लक्षणों को लेकर वैज्ञानिकों ने एक स्टडी की है। किंग्स कॉलेज लंदन और स्वास्थ्य विज्ञान कंपनी ZOE के विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मरीजों को स्किन पर असामान्य रैश और खुजली हो रही है तो यह ओमिक्रॉन हो सकता है। ऐसे में स्किन से जुड़े बदलावों पर नजर रखना जरूरी है। तीन तरह के स्किन रैश से रहें सतर्क…

  1. हाइव्स ​​​​​​(​शीत पित्त) जैसा रैश: रिसर्च के मुताबिक स्किन पर अचानक चकत्ते आते हैं। इसके कारण बहुत खुजली होती है। ये कुछ ही समय में अपने आप गायब भी हो जाते हैं। हाइव्स शरीर के किसी भी हिस्से पर हो सकता है। आम तौर पर ये एलर्जी होने का लक्षण होता है। वैज्ञानिकों की मानें तो ये रैश कोरोना संक्रमण की शुरुआत में ही दिखाई देने लगता है।
  2. घमौरी या चिकन पॉक्स जैसा रैश: ये अधिकतर कोहनी, घुटने और हाथों और पैरों के पीछे होते हैं। ये छोटे, लाल और खुजली वाले चकत्ते होते हैं, जो हफ्तों तक आपको परेशान कर सकते हैं।
  3. चिल्ब्लेन (बिवाई): वैसे तो ये रैश ठंड के समय होता है, लेकिन अब कोरोना इन्फेक्शन के दौरान इसे ज्यादा देखा जा रहा है। इसमें व्यक्ति के पैरों और हाथों की उंगलियों में लाल और बैंगनी रंग के चकत्ते पड़ते हैं। इनमें खुजली की जगह सूजन होती है। ये लक्षण अधिकतर युवाओं में संक्रमण के कुछ दिन बाद देखने को मिलता है।

ऐसे हुई रिसर्च
वैज्ञानिकों ने ZOE कोविड स्टडी ऐप से 3 लाख 36 हजार यूजर्स के डेटा पर रिसर्च की। इसमें पाया गया कि 8.8% कोरोना पॉजिटिव मरीजों को किसी तरह का स्किन रैश था। यह उनके संक्रमण का लक्षण था। साथ ही, 8.2% लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने अपना कोविड टेस्ट नहीं करवाया था, लेकिन उन्हें कोरोना के नॉर्मल लक्षणों के साथ स्किन रैश भी था।

रैश को ध्यान से जांचने के लिए वैज्ञानिकों ने ऑनलाइन सर्वे भी किया। इसमें 12 हजार कोरोना से पीड़ित या लक्षण वाले लोगों के स्किन रैश की तस्वीरें मांगी गईं। जांच में 17% कोरोना पॉजिटिव लोगों ने स्किन रैश को अपना पहला लक्षण बताया। वहीं, हर 5 में से 1 व्यक्ति ने स्किन रैश को कोरोना इन्फेक्शन का एक मात्र लक्षण माना।

रिसर्च में वैज्ञानिकों ने माना है कि कई तरह के वायरल इन्फेक्शन्स से स्किन पर चकत्ते होते हैं। चूंकि कोरोना भी एक वायरस है, इसलिए संक्रमण के दौरान स्किन पर रैश होना कोई बड़ी बात नहीं है। डॉक्टरों के सुझाव के अनुसार यदि आपको किसी तरह का स्किन रैश होता है, तो खुद को आइसोलेट कर कोविड टेस्ट जरूर करवाएं।

नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के अन्य लक्षणों में सर्दी, खांसी, गले में खराश, स्वाद और गंध न आना, भूख न लगना, हरारत और मांसपेशियों में दर्द शामिल हैं।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE