नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | हम जो कुछ खाते है उसका सीधा संबंध हमारी सेहत से है | भोजन से ही हम जिंदा रहते हैं | लेकिन सेहत के लिए सही भोजन करना जरूरी है | इसके अलावा कुछ फूड ऐसे होते हैं जिनका सही समय पर सेवन नहीं किया गया तो फायदे की जगह नुकसान हो सकता है | कई ऐसे फूड हैं जिनका सेवन अगर आप सुबह में करते हैं तो यह फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है |
दरअसल, जब हम खाली पेट रहते हैं तो हमारी आंत में असंख्य बैक्टीरिया इस तरह के रसायन बनाते हैं जिससे खाली पेट में एसिड सक्रिय नहीं हो पाता है | लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो इन बैक्टीरिया को मार देती हैं | इसलिए खाली पेट हमें क्या नहीं खाना चाहिए इसकी जानकारी जरूरी है | तो आइए जानते हैं कि किन-किन चीजों को खाली पेट नहीं खाना चाहिए |
छाछ
गार्जयिन डॉट एनजी के मुताबिक कई लोग खाली पेट छाछ पीने को सही मानते हैं लेकिन यह आपको नुकसान दे सकता है | छाछ में लैक्टिक एसिड होता है | लेक्टिक एसिड पेट में जाकर कई गुड बैक्टीरिया को मार देता है | ये बैक्टीरिया पेट में एसिडिटी को बनने से रोकते हैं | इसलिए खाली पेट अगर छाछ पीते हैं तो इससे एसिडिटी बढ़ जाएगी |
चीनी
आमतौर पर लोग खाली पेट शर्बत पीने को भी सही मानते हैं | लेकिन आपको याद रखना चाहिए कि शुगर को पचाने के लिए सुबह-सुबह इतना इंसुलिन नहीं बनता जिसके कारण खून में शुगर की मात्रा बढ़ सकती है | इसलिए सुबह—सुबह खाली पेट शुगर का सेवन नहीं करना चाहिए |
कार्बोनेटेड ड्रिंक
आपको यह जानना चाहिए कि सॉफ्ट ड्रिंक का सेवन हमेशा करना सही नहीं है | सुबह में खाली पेट सॉफ्ट ड्रिंक या सोडा वाटर का सेवन सेहत के लिए नुकसानदेह है | इससे पेट में एसिडिटी हो सकती है | इसके अलावा अगर आप खाली पेट सॉफ्ट ड्रिंक पीते हैं तो पेट फुलने की समस्या भी हो सकती है | इसके अलावा एसोफेगर कैंसर का जोखिम भी बढ़ सकता है |
साइट्रस फ्रूट
सुबह-सुबह खाली पेट संतरे, नींबू का भी सेवन नहीं करना चाहिए | यह भी कार्बोनेटेड पदार्थ की तरह ही असर करता है | ये चीजें गैस को बढ़ाने वाला रसायन पैदा करती है | इससे एसिडिटी बढ़ती है | हालांकि इनमें मौजूद कई सारे एंटीऑक्सीडेंट्स हमें कई तरह से फायदे पहुंचाते हैं |
गरम मसाला
खाली पेट या सुबह-सुबह बहुत अधिक तेज गरम मसाले वाली चीजों को खाने से पेट दर्द की समस्या हो सकती है | इससे सीने में जलन भी हो सकती है | खाली पेट गरम मसाला का सेवन गैस को बढ़ाता है जिससे पेट में दर्द भी हो सकता है |