नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | भारतीय आबादी में खून की कमी यानि एनीमिया को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं | नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे में यह देखने को मिला है कि देश में 6 से 59 महीने तक के बच्चे तथा 15 से 50 साल तक की लड़कियों-महिलाओं की आधी से ज्यादा आबादी खून की कमी से पीडि़त है | शहरी और ग्रामीण भारत दोनों क्षेत्रों में बच्चों तथा महिलाओं में एनीमिया की शिकायत काफी अधिक दर्ज की गई है |
दरअसल, NFHS-5 देश में साल 2019 से लेकर 2021 के बीच पॉपुलेशन, प्रजनन, बाल स्वास्थ्य, पोषण तथा अन्य मानकों पर राज्यों को परखा गया | सर्वे रिपोर्ट में बच्चों और वयस्कों में एनीमिया को लेकर आंकड़ें प्रस्तुत किए गए हैं | इसमें बताया गया कि 6-59 महीने की आयु के बच्चे रक्ताल्पता से ग्रस्त हैं | शहरी क्षेत्रों में इनका प्रतिशत 64.2 है, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह आबादी 68.3% है. इस तरह देश में 67.1% बच्चों में खून की कमी है | NFHS-4 में यह संख्या 58.6% थी |
वहीं, 15-49 वर्ष की 57.2% गैर-गर्भवती महिलाएं जो रक्ताल्पता से ग्रस्त हैं | शहरी इलाकों में इनका प्रतिशत 54.1 तो गांव-देहात में यह 58.7 प्रतिशत है | इस तरह इस वर्ग में एनीमिया की शिकायत 4 प्रतिशत बढ़ी है | सर्वे के अनुसार, अगर 15-49 वर्ष की गर्भवती महिलाएं में रक्ताल्पता की बात करें तो इनकी संख्या 52.2% है | शहरों में यह आबादी 45.7% है तो गांवों में यह आबादी 54.3 प्रतिशत है |
15-49 वर्ष की 57 फीसदी लड़कियां-महिलाएं खून की कमी से पीड़ित हैं | 15-19 वर्ष की 59.1 % लड़कियां रक्ताल्पता से ग्रस्त हैं | अगर पुरुषों की बात करें तो 15-49 वर्ष की आयु के 25 प्रतिशत पुरुषों में खून की कमी पाई है | शहरों में इनकी संख्या 20.4 प्रतिशत तो गांवों में 27.4 फीसदी है | रिपोर्ट कहती है कि 15-19 वर्ष की आयु के 31.1 प्रतिशत युवा पुरुष एनीमिया से पीड़ित हैं |
शहरों में इनकी तादात 25 प्रतिशत तो गांवों में 33.9 प्रतिशत है | बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को 14 राज्यों के सर्वेक्षण के साथ इसके दूसरे चरण की रिपोर्ट जारी की है | पहले चरण में 22 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की रिपोर्ट दिसंबर, 2020 में जारी की गई थी, जबकि नई रिपोर्ट में दोनों रिपोर्टों को मिलाते हुए राष्ट्रीय तस्वीर भी सामने आई है | एनएफएचएस-4 के तहत 2015- 16 में रिपोर्ट तैयार की गई थी |