नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | देव उठनी एकादशी के दिन चार महीने का शयन काल पूरा करने के बाद भगवान विष्णु जागते हैं | मान्यता के अनुसार इस दिन से मंगल कार्यों की शुरुआत होती है | इस दिन लोग व्रत करते हैं | साथ ही भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करते हैं | हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का बड़ा महत्व है | इन दिनों कुछ चीजों को सेवन निषेध माना गया है | मान्यता के अनुसार एकादशी के दिन भूलकर भी चावल नहीं खाने चाहिए |
इस तिथि पर जौ, मसूर की दाल, बैंगन, फूल गोभी, मांस, मदिरा, प्याज़, लहसुन से भी दूर रहना चाहिए | बहुत सारे लोग तमाम परहेजों के कारण समझ नहीं पाते कि इस दिन भोग के लिए क्या बनाया जाए. तो आज आप भरवां केले बना सकते हैं | ये स्वीट डिश है | इसे आसानी से बनाया जा सकता है | हांलकि, इस दिन सब अपनी आस्था के अनुसार व्रत करते हैं और भोजन ग्रहण करते हैं | इसलिए आप इस संबंध में पंडित या विशेषज्ञ की सलाह भी ले सकते हैं |
भरवां केले बनाने के लिए सामग्री
6 पके, छिले राजली केले
1/2 कप चीनी
1/2 कप ताज़ा नारियल
हरी इलायची
तलने के लिए घी
भरवां केले बनाने की विधि
भरवां केले बनाने के लिए सबसे पहले केले को 3 इंच के टुकड़ों में काट लें | इसके बाद एक पैन में चीनी डालें और नारियल व इलायची के दानों के साथ धीमी आंच पर पकाएं | जब चीनी पिघल जाए और मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें | इसके बाद केले के हर टुकड़े को बीच से चीर लें और नारियल-चीनी और इलायची का मिश्रण भर लें | इसके बाद टूथपिक की मदद से टुकड़ों को पकड़ें | अब एक पैन में घी गर्म करें और मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक केले के टुकड़ों को तलें | आप चाहें तो इसके बाद इन टुकड़ों के ऊपर बारीक कटे काजू-बादाम भी डाल सकते हैं |