नई दिल्ली | आकांशा त्रिपाठी | किसी के दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है, यह कहावत बेशक पुरानी है, लेकिन आज भी पूरी तरह फिट बैठती है। स्वादिष्ट खाना बनाने के लिए रेसिपी नहीं, चाहत की जरूरत होती है। दिल से किसी के लिए खास बनाना चाहते हैं तो आप कुछ अच्छा बना ही लेंगे। हम आपको बताते हैं ऐसे टिप्स, जिनसे आप खाने के स्वाद और रंगत, दोनों को बेहतर कर पाएंगे। एक्सपर्ट्स से बात करके किचन किंग/क्विन बनने के टिप्स दे रही हैं
स्वाद और रंगत ,जनरल टिप्सः -
आटा-सूजी या मसाले, कुछ भी भूनें तो मंदी गैस पर हल्के-हल्के भूनें। तेज गैस पर भूनने से स्वाद कम होता है। खाना बनाते वक्त जल्दबाजी न करें। सारी चीजें पहले तैयार कर रख लें।
किसी भी मीठे में जरा-सा नमक (खीर, हलवा, चाय आदि) डालने से स्वाद बढ़ जाएगा। नमक इतना हो कि नमकीन महसूस न हो, पर स्वाद आ जाए। खाने को कभी भी पूरा न पकाएं। पकने में करीब 10 फीसदी की कमी रहते गैस बंद कर दें क्योंकि गैस बंद होने के बाद भी भाप में खाना पकता रहता है।
खाना पकाते वक्त हमेशा अपने पास चम्मच रखें और बार-बार चखें। अगर खराब बन रहा है तो आप उसे सुधार पाएंगे और सुधार के बाद भी जान पाएंगे कि सुधार किस स्टेज में क्या डालने से आया। कॉन्फिडेंस बनाएं रखें। बर्तन का ढक्कन या माइक्रोवेव का गेट बार-बार खोलकर न देखें। ऐसा करने से टाइम ज्यादा लगेगा और स्वाद पर भी असर पड़ेगा।
सॉस, सूप आदि को छानें। इससे ग्रेवी ज्यादा साफ बनेगी।
स्वीट डिशः -
खीर, हलवा, दलिया, बर्फी आदि बनाते वक्त उसमें छोटी इलायची या केसर डालने से स्वाद काफी बढ़ जाता है। बर्फी, लड्डू, खीर, रसमलाई, रबड़ी जैसी मिठाइयों में कंडेंस्ड मिल्क मिलाने से स्वाद दोगुना हो जाता है।
मीठे को धीमी आंच पर भारी तले वाले बर्तन में पकाएं। इससे बर्तन जलेगा नहीं और स्वाद भी बढ़ेगा। मीठे में क्रीमी टेक्सचर के लिए टोंड के बजाय फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें।
खीर या दूध जल जाए तो उसमें पान का साबुत पत्ता रखकर आधे घंटे के लिए ढककर रख दें। जलने की बदबू काफी हद तक कम हो जाएगी। खोवा बनाते वक्त तेज आंच रखें और लगातार चलाएं। खोवा सफेद बनेगा।
खोये की मिठाई बना रहे हैं और दाना नहीं आ रहा है तो चुटकी भर फिटकरी डाल दें। मावे में थोड़ा पनीर (मसलन 200 ग्राम मावे में 50 ग्राम पनीर) मिलाने से गुलाबजामुन स्वादिष्ट बनेंगे।
कस्टर्ड बनाते वक्त चीनी के साथ थोड़ा शहद भी मिलाया जाए तो उसका स्वाद दोगुना हो जाएगा। सूजी का हलवा धीमी आंच पर भूनें। पानी डालकर थोड़ी देर धीमी आंच पर छोड़ दें। हलवा खिला-खिला बनेगा।
हलवा में पानी के बजाय सेब, नाशपाती, मैंगो आदि का जूस भी डाल सकते हैं। स्वाद बहुत अच्छा लगेगा। अगर दूध डाल रहे हैं तो जूस न डालें। बेसन के लड्डू बनाने के लिए मोटा बेसन लें। चीनी की जगह बूरा मिलाएं।
चाशनी को जितना पकाएंगे, उतना उसका स्वाद अच्छा होगा। नीबू नहीं है तो दूध की 2-3 बूंद डालने से भी चाशनी की गंदगी ऊपर आ जाएगी।
सब्जियां और दालेंः
बनाने से पहले दालों को रात भर या कम-से-कम दो घंटा पहले भिगो दें। जल्दी बनाना हो तो बेकिंग सोडा मिला सकते हैं।
रोजाना की दालों में एक चम्मच बटर या घी डाल सकते हैं। बटर से स्वाद बढ़ जाएगा तो घी दाल को जल्दी पकाने में मदद करेगा।
पुराने आलुओं को स्वादिष्ट बनाने के लिए इन्हें उबालते वक्त इनमें थोड़ा सा नींबू का रस और थोड़ी-सी चीनी डाल दें। इससे आलू सफेद और चटपटे बनेंगे।आलू-गोभी बनाते वक्त थोड़ा कसूरी मेथी मिलाएं।
खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे। अजवायन और अदरक से भी गोभी का स्वाद बढ़ता है। दमआलू बनाते वक्त काजू का पेस्ट और ऊपर से क्रीम मिलाने से स्वाद बढ़ जाएगा।
ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए जरा-सा बेसन भी डाल सकते हैं।भिंडी बनाते वक्त अमचूर पाउडर जरूर डालें और वह भी शुरू में ही।
भिंडी काली नहीं होगी। एक चम्मच दही मिलाने से भी भिंडी तली में नहीं चिपकेगी और काली भी नहीं होगी।कोई भी ग्रेवी बनाते वक्त उसमें ठंडे के बजाय गरम पानी डालें। स्वाद में इजाफा होगा।हरी सब्जियों में नीबू डालने से बचें, वरना वे काली हो जाएंगी।
चुटकी भर सोडा डाल सकते हैं। स्वाद और रंगत बने रहेंगे।मटर के दाने सब्जी में सिकुड़े नहीं और हरे रहें, इसके लिए पानी में एक चम्मच शक्कर डालकर मटर उबालें और ग्रेवी में पानी सहित यूज करें।
टमाटर की ग्रेवी में दूध या दही डालने से पहले टमाटर को अच्छी तरह भून लें, वरना ग्रेवी फटी-फटी लगेगी। दूध में भुने चने का एक चम्मच बेसन मिलाने से भी ग्रेवी फटती नहीं है।
जब भी ग्रेवी में दही डालें, दही को अच्छी तरह फेंट लें। मसाले को आंच से उतार लें और फिर दही या दूध डालें। अच्छी तरह मिलाने के बाद फिर से हल्की आंच पर रखें।
ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बनाने के लिए उसमें काजू, बादाम, चिरौंजी या खरबूजे के बीजों का एक-दो चम्मच पेस्ट मिला लें। एक चम्मच कसूरी मेथी ग्रेवी में मिलाने से उसका स्वाद बढ़ जाता है लेकिन ज्यादा न डालें, वरना तीखी हो जाएगी।
सब्जियों में नमक हमेशा पानी में मिलाकर सब्जियों में डालें। इससे नैचरल स्वाद बढ़ता है और सारी सब्जी में एक जैसा नमक होता है। फूलगोभी या बंदगोभी बनाते वक्त उसमें एक चम्मच मिल्क या मिल्क पाउडर मिलाने से सब्जी काली नहीं पड़ती। वैसे, गोभी को अल्युमिनियम के बजाय स्टील या तांबे के बर्तन में पकाना बेहतर है।